दिव्यांगजन घर बैठे प्राप्त करें विभागीय सेवाएं: अंशुल चौहान

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत के उद्देश्य से देशवासियों से अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की गई है। इसी क्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान ने भी एक पहले करते हुए समस्त दिव्यांगजन भाई-बहनों को अवगत कराया है कि वे घर बैठे ही समस्त विभागीय सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग में प्रतिदिन बड़ी संख्या में दिव्यांगजन दिव्यांग पेंशन, पेंशन की स्थिति जानने, यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांग प्रमाणपत्र, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना, दुकान निर्माण/दुकान संचालन, ऋण योजना, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल योजना, विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, शादी-विवाह अनुदान, स्वरोजगार योजनाएं, छात्रवृत्ति, बस यात्रा पास, आवास संबंधी योजनाएं एवं अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी एवं आवेदन हेतु कार्यालय आते हैं। इन सभी विषयों पर अब अधिक से अधिक सहायता दूरभाष एवं व्हाट्सएप माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।
शुक्रवार, 15 मई को श्री चौहान ने बताया है कि दिव्यांगजनों की सुविधा हेतु विभाग द्वारा व्हाट्सएप हेल्पलाइन सेवा संचालित की जा रही है। दिव्यांगजन अपनी समस्या, आवेदन संबंधी जानकारी, योजना संबंधी प्रश्न अथवा आवश्यक दस्तावेज व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 8791491011 पर भेज सकते हैं।
इसके अतिरिक्त विभागीय सहायता हेतु दूरभाष नंबर 8189038730 उपलब्ध है, जिस पर दिव्यांगजन प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक संपर्क कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। सामान्य जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेजों की जानकारी तथा योजना संबंधी मार्गदर्शन हेतु कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि विभाग का उद्देश्य है कि दिव्यांगजन घर बैठे सुरक्षित एवं सरल माध्यम से विभागीय सेवाओं का लाभ प्राप्त करें। अनावश्यक यात्रा कम करने से समय एवं ईंधन दोनों की बचत होगी तथा यह देशहित में एक सकारात्मक योगदान भी होगा। साथ ही दिव्यांगजनों को भी अनावश्यक परेशानी एवं आवागमन से राहत मिलेगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*