दिव्यांगजनों को मिलेंगी नौकरियां- अंशुल चौहान

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ग्रेटर नोएडा की Spark Minda कंपनी के साथ मिलकर 21 मई को शास्त्री नगर स्थित विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन परिसर में विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। चयनित दिव्यांगजनों को ग्रेटर नोएडा स्थित कंपनी में रोजगार प्रदान किया जाएगा।
मंगलवार, 19 मई को ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने हेतु दिव्यांगजनों की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता दसवीं पास निर्धारित की गई है। इच्छुक दिव्यांगजन प्रातः 10 बजे अपने आवश्यक दस्तावेजों (आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाणपत्र, यूडीआईडी कार्ड, रिज्यूम / बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो) सहित रोजगार मेले में उपस्थित हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चयनित दिव्यांगजनों का वेतन 13,000 रुपये से 25,000 रुपये प्रतिमाह तक रहेगा। दिव्यांगजनों की शैक्षिक योग्यता एवं कार्य अनुभव के आधार पर वेतन निर्धारित किया जाएगा। अधिक योग्य एवं अनुभवी अभ्यर्थियों को अधिक वेतन भी प्रदान किया जा सकता है।
श्री चौहान ने कहा कि अनेक दिव्यांगजन लंबे समय से ऐसे रोजगार मेले का इंतजार कर रहे थे। कई दिव्यांगजनों द्वारा पिछले कुछ महीनों से दिव्यांग कल्याण विभाग में अपना बायोडाटा भी जमा कराया गया था। अब रोजगार प्राप्त करने का एक अच्छा अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है, तो 21 मई 2026 को इस मेले में आना चाहिए।
उन्होंने बताया कि केवल गाजियाबाद ही नहीं बल्कि अन्य जनपदों के दिव्यांगजन भी इस रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। उन्होंने अपील की है कि जो दिव्यांगजन ग्रेटर नोएडा स्थित कंपनी में कार्य करने के इच्छुक हों तथा नियमित रूप से नौकरी करने के लिए तैयार हैं, वे रोजगार मेले में अवश्य आएं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*