इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल के छात्रों ने नाइट कैंप को बनाया यादगार

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए एक रोमांचक एवं शिक्षाप्रद नाइट कैंप का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में साहस, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना का विकास करना था। कैंप में विद्यार्थियों ने कमांडो नेट, बॉडी जार्विंग, कैच द बैटन, टारगेट गेम, पेंसिल गेम, बर्मा ब्रिज, ट्रैम्पोलिन, लैडर ब्रिज, ज़िपलाइन, शूटिंग, आर्चरी तथा रोलर जैसी अनेक साहसिक गतिविधियों का आनंद लिया।
विद्यार्थी अपने-अपने समूहों के साथ पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय रूप से सहभागी बने रहे। रात्रि 9 बजे स्वादिष्ट भोजन के उपरांत बच्चों ने विभिन्न मानसिक एवं तार्किक खेलों में भाग लिया, जिससे उनकी सोचने-समझने और समस्या-समाधान की क्षमता को प्रोत्साहन मिला। इसके पश्चात डीजे की धुनों पर जमकर नृत्य किया और नाइट कैंप की शाम को यादगार बना दिया।
प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नाइट कैंप केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह बच्चों को प्रकृति के निकट रहने, आत्मनिर्भर बनने और सीमित संसाधनों में बेहतर ढंग से जीवन जीने की सीख भी प्रदान करता है। ऐसे अनुभव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*