राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) लखनऊ के 24वें दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मेधावियों को डिग्रियां और पदक प्रदान किए। मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित पं. अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक किया गया।
समारोह में जहां कुल 62,537 विद्यार्थियों को डिग्री और 53 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई, वहीं 83 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 84 पदक (35 स्वर्ण, 23 रजत और 24 कांस्य) से सम्मानित किया गया। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में आईओसीएल के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी, विशिष्ट अतिथि प्राविधिक शिक्षा विभाग के मंत्री ई. आशीष पटेल और प्राविधिक शिक्षा विभाग प्रमुख सचिव डॉ. एम.के शन्मुगा सुंदरम कार्यक्रम में मौजूद रहे।
7 जुलाई को आयोजित दीक्षांता समारोह में बतौर अतिथि उपस्थित प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इन्नोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) ग्रेटर नोएडा के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को फोन पर बताया कि प्रमुख मेधावियों में अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज (AKGEC) गाजियाबाद की छात्रा अंशिका राणा को प्रतिष्ठित चांसलर मेडल से नवाजा गया है। साथ ही कमल रानी वरुण स्मृति स्वर्ण पदक एससी वर्ग में केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस गाजियाबाद की बीटेक की छात्रा इशिका को प्रदान किया गया है। गुजरात के रोगन कला के कलाकार आशीष कंसारा को डिलिट की मानद उपाधि दी गई। चेयरमैन डॉ. भरत सिंह ने सभी मेधावियों को शुभकामनाएं दी हैं।

दीक्षांत समारोह में शिक्षा के अलावा बेटियों की सेहत का भी ध्यान रखा गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया और मां-बेटी सम्मेलन के जरिए उन्होंने स्वास्थ्य संवाद किया। कार्यक्रम में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल और आईओसीएल के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी, प्रतिकुलपति प्रो. राजीव कुमार, कुलसचिव रीना सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया, एफओएपी की प्राचार्या प्रो. वंदना सहगल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply