राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली।‘बिजनेसवर्ल्ड’के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ और एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप के फाउंडर डॉ. अनुराग बत्रा को मीडिया और एक्सपीरिएंशियल इकोनॉमी (अनुभव आधारित अर्थव्यवस्था) में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष सम्मान (स्पेशल अवॉर्ड) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उन्हें प्रदान किया।
यह सम्मान मीडिया, विज्ञापन, मार्केटिंग, इवेंट्स, टेक्नोलॉजी और कारोबार से जुड़े क्षेत्रों में संस्थानों, मंचों और पेशेवर समुदायों के निर्माण तथा पिछले ढाई दशक से अधिक समय से इंडस्ट्री में सार्थक संवाद को बढ़ावा देने में डॉ. बत्रा के योगदान को मान्यता देता है। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. बत्रा ने कहा, मेरे लिए बेहद गर्व और सम्मान की बात है। भारत का इवेंट्स और एक्सपीरिएंशियल इकोनॉमी क्षेत्र आज कारोबार, संस्कृति और नवाचार का एक मजबूत आधार बन चुका है। इस क्षेत्र के विकास में अपना योगदान देने का अवसर मिलने के लिए मैं आभारी हूं। यह सम्मान हमें ऐसे मंच और समुदाय विकसित करने के लिए और अधिक प्रेरित करेगा, जो समाज और उद्योग पर स्थायी प्रभाव छोड़ें।
बता दें कि उद्यमी, मीडिया लीडर, संस्थान निर्माता और निवेशक के रूप में डॉ. अनुराग बत्रा ने देश के आधुनिक मीडिया और बिजनेस इंफॉर्मेशन इकोसिस्टम के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका कार्य केवल पब्लिकेशंस तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने ऐसे इंडस्ट्री मंच, नेतृत्व कार्यक्रम, पुरस्कार, सम्मेलन और बौद्धिक संपदाएं (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टीज) विकसित कीं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों के निर्णयकर्ताओं को एक मंच पर लाकर उद्योग जगत में सार्थक विमर्श को दिशा दी।
डॉ. अनुराग बत्रा ने 26 वर्ष से अधिक पहले एक्सचेंज 4 मीडिया समूह की स्थापना की थी। उनके नेतृत्व में यह समूह देश के मीडिया, विज्ञापन और मार्केटिंग इंडस्ट्री के सबसे प्रभावशाली मंचों में शामिल हो चुका है। इन वर्षों में एक्सचेंज4मीडिया समूह ने 50 से अधिक बड़े इंडस्ट्री प्लेटफॉर्म्स, पुरस्कार समारोह और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टीज विकसित की हैं। इन मंचों ने विज्ञापन, ब्रॉडकास्टिंग, डिजिटल मीडिया, मार्केटिंग, कम्युनिकेशन, जनसंपर्क, प्रौद्योगिकी, एक्सपीरिएंशियल मार्केटिंग और क्रिएटर इकोनॉमी से जुड़े हजारों पेशेवरों व इंडस्ट्री के लीडर्स को एकसाथ लाने का काम किया है।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा प्रदान किया गया विशेष सम्मान डॉ. अनुराग बत्रा के बहुआयामी योगदान, भारत की मीडिया और एक्सपीरिएंशियल इकोनॉमी को मजबूत बनाने, पेशेवर समुदायों के निर्माण तथा उद्योग जगत में सार्थक नेतृत्व और संवाद को नई दिशा देने के उनके निरंतर प्रयासों की औपचारिक पहचान है।


Leave a Reply