राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददता
खुर्जा (बुलंदशहर)। बढ़ती गर्मी में गरीबों व राहगीरों को शुद्ध पानी मुहैया हो सके, इसके लिए समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की स्थानीय इकाई लगातार जल जीवन मिशन के तहत शहर में अनेक स्थानों पर जल सेवा केंद्र चला रहा है।
संस्था के जिलाध्यक्ष डीसी गुप्ता कांटे वाले ने बताया कि ये जल सेवा केन्द्र एक बड़े प्याऊ की तरह काम कर रहे हैं। गर्मी में शहर के प्रमुख स्थानों पर समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की तरफ से पानी की टंकी/ मटके /घड़े आदि की व्यवस्था की गई है, ताकि राहगीरों, श्रमिकों, गरीब रिक्शा चालकों आदि को आसानी से नि:शुल्क शीतल जल प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि किसी जरुरतमंद को जल उपलब्ध कराना मानव सेवा का श्रेष्ठ कार्य है।
डीसी गुप्ता ने बताया कि जल सेवा केन्द्रों से यूं तो सभी को लाभ मिल रहा है, लेकिन सबसे अधिक लाभ गरीबों को हो रहा है। उन्हें बिना किसी खर्च के घर से बाहर भी साफ ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। आमतौर पर सार्वजनिक जगहों पर जल सेवा केंद्र न होने की वजह से पैसे खर्च करने पड़ते हैं। इस कारण गरीब पानी नहीं खरीद पाता है, जिसकी वजह से उसे लू लगने का खतरा बना रहता है।
श्री गुप्ता ने कहा कि अगर जिला प्रशासन हमारी मदद करे तो हम शुद्ध और शीतल जल उपलब्ध कराने के लिए एक बड़ी टीम दे सकते हैं। हम संकट की घड़ी में भी बेहतर जल सेवा का कार्य कर सकते हैं। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार समाज सेवा के ऐसे कार्यों में आगे आना चाहिए। प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य है। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया सभी नागरिकों से इस अभियान में सहयोग करने व अधिक से अधिक स्थानों पर नि:शुल्क जल सेवा केंद्र की व्यवस्था करने का आह्वान करता है।


Leave a Reply