राष्ट्रीय जनमोर्चा। ब्यूरो
गौतमबुद्ध नगर। उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों व पार्टियों ने अपनी तैयारियाँ व रणनीतियों का ऐलान तेज कर दिया है। रविवार को इसी कड़ी में सम्राट मिहिरभोज समाज पार्टी ने भी बड़े प्लान का खुलासा करते हुए समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर मजबूती से यूपी का आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी।
राष्ट्र रक्षक गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिरभोज जयंती पर पार्टी की ओर से दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में आयोजित एक समारोह में समाज की एकजुटता, शिक्षा, राजनीतिक भागीदारी व सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सम्राट मिहिरभोज समाज पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र गुर्जर गुरुजी, विशिष्ट अतिथि सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ सूरत सिंह और अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर बीएस रावत रहे।
हरेंद्र गुर्जर ने सम्राट मिहिरभोज को महान शासक बताते हुए गुर्जर प्रतिहार वंश के लंबे शासनकाल व भारतीय इतिहास में उसके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने सम्राट मिहिरभोज समाज पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा (2027) चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए कहा कि हम समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर यह चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेंगे। इसके लिए हरेंद्र गुर्जर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और समाज के लोगों को एकजुट करने का आह्वान किया है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. सूरत सिंह गुर्जर ने समाज में शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए दहेज प्रथा का भी विरोध किया और दहेज मुक्त विवाह करने, मांस व मदिरा के सेवन से दूर रहने का संकल्प दिलाया। जबकि प्रोफेसर डॉ. बीएस रावत ने समाज में शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र गुर्जर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जहां वरिष्ठ समाजसेवी सुखबीर सिंह आर्य ने की, वहीं वरिष्ठ समाजसेवी चौधरी महेश भाटी गुर्जर ने वर्ष 2021 में सम्राट मिहिरभोज के नाम के साथ ‘गुर्जर’ शब्द को लेकर उत्पन्न विवाद का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हकीकत सामने लाने के लिए इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
कार्यक्रम का आयोजन पार्टी के जेवर विधानसभा प्रभारी पंडित सोनू शर्मा और मंच संचालन पंडित पवन पराशर गुरुजी ने किया। कार्यक्रम को सतबीर भाटी, मास्टर जगपाल भाटी, चौधरी चंद्रपाल सूबेदार, चौधरी देवीराम भाटी, चौधरी धर्मेंद्र नागर, चौधरी जोगेंद्र भाटी, चौधरी देवेंद्र भाटी, श्रीमती ठाकुर बिना सिंह, चौधरी श्यामसुंदर और श्रीमती पूनम शर्मा ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर चौधरी जगदीश भाटी, चौधरी सोनू भड़ाना, चौधरी दीपक भाटी, चौधरी बिट्टू भाटी, चौधरी आजाद भाटी, चौधरी लायक राम गुर्जर, चौधरी देवेश गुर्जर आदि गणमान्य मौजूद रहे।


Leave a Reply