यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से 9 लोगों की मौत, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

राष्ट्रीय जनमोर्चा। ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। बुधवार देर रात जेवर के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर दयानतपुर गांव के पास एक स्लीपर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई। एनआईए के मुताबिक, बस नई दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी, तभी 23 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर 33-km माइलस्टोन के पास यह घटना हुई।
‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई और लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए बस से कूदना शुरू कर दिया। हादसे में 9 लोगों की जान चली गई। वहीं जेवर पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के अनुसार, बस में 30-35 यात्री सवार थे। कुछ यात्रियों ने चालक के केबिन से जलने की गंध महसूस की और चालक एवं कंडक्टर को इसकी सूचना दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने बस को तुरंत नहीं रोका और केबिन के अंदर धूम्रपान करते रहे।
एफआईआर में बताया गया है कि कुछ ही देर बाद, ड्राइवर की सीट के पास अचानक आग लग गई और तेज़ी से पूरी बस में फैल गई। यात्रियों ने शोर मचाया और ड्राइवर से बस रोकने को कहा, जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को नोएडा के चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद कई फायर और रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गईं… एक बस रात में नई दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी और जेवर के पास उसमें आग लग गई। चार फायर टेंडर और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और… आग पर काबू पाने के बाद, बस के अंदर नौ लोग मिले, जिन्हें बाद में जेवर के कैलाश अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस आग लगने के कारणों और यात्रियों की चेतावनी के बावजूद बस रोकने में हुई देरी की जांच कर रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस में लगी आग में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया और कहा है कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि घायलों को 50,000 रुपये मिलेंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*