जितेन्द्र बच्चन। राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) का शुभारंभ हो गया है। शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शो के चौथे संस्करण का भव्य उद्घाटन किया।
25 सितंबर से शुरू हुआ पांच दिवसीय यह आयोजन 29 सितंबर तक चलेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमित शाह के पहुंचते ही उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने ट्रेड शो के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। शाह ने मार्ट में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में शामिल उद्यमियों और कारोबारियों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने विदेशी मेहमानों से भी संवाद किया।
इस बार के आयोजन में छह देशों- ऑस्ट्रिया, बेलारूस, जापान, रूस, सिंगापुर और वियतनाम को पार्टनर देशों के रूप में शामिल किया गया है। जहां 2,400 से अधिक प्रदर्शकों और 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद है, वहीं उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों, उद्योगों, एमएसएमई, हस्तशिल्प, कृषि, खाद्य, टेक्सटाइल, स्टार्टअप और अन्य कारोबारी क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
आज के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, राज्य मंत्री बृजेश सिंह, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा और गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा समेत कई अतिथि मौजूद रहे। पांच दिनों तक चलने वाले इस शो में कारोबारी गतिविधियों के लिए समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक और आम दर्शकों के लिए दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित किया गया है।


Leave a Reply