राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का आज समापन हो गया। इससे पहले शिविर में उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड, जिला संस्था गाजियाबाद से आए जिला स्काउट प्रशिक्षक राजदेव यादव द्वारा विद्यार्थियों को स्काउटिंग के विभिन्न उपयोगी कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय ने स्काउट ध्वज फहराकर किया था। जबकि समापन समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों की वेशभूषा, संस्कृति एवं खान-पान को प्रस्तुत करते हुए “मिनी इंडिया, अखंड भारत एवं अनेकता में एकता”की सुंदर एवं आकर्षक झलक प्रस्तुत की। बिहार, दिल्ली, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा एवं जम्मू-कश्मीर की प्रस्तुतियों ने शिविर को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
शिविर निरीक्षक निर्णायक समिति द्वारा विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। मूल्यांकन में गोवा प्रदेश ने प्रथम, तथा महाराष्ट्र प्रदेश ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक समिति में विद्यालय के प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय तथा तुषार सर, संदीप सर, राहुल सर, रोहित सर और यशिका मैम ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सेवा-भावना, सहयोग, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास हुआ। विद्यार्थियों के उत्साह, उमंग और शानदार प्रस्तुतियों के साथ यह प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक एवं यादगार रूप में संपन्न हुआ।


Leave a Reply