अमित मिश्रा
मुंबई। गोरेगांव स्थित कृष्णा रिकॉर्डिंग स्टूडियो में दिगंबर जैन मुनि आचार्य विद्यासागर के आध्यात्मिक जीवन पर आधारित हिन्दी फिल्म ‘अन्तर्यात्री महापुरुष’ का संगीतमय मुहूर्त अत्यंत भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर फिल्म के लिए संगीतकार सतीश देहरा ने अमित कुमार और अनुराधा पौडवाल के स्वर में गीत रिकॉर्ड किया, जिसे मशहूर गीतकार सुधाकर शर्मा ने लिखा है।
फिल्म में सुधाकर शर्मा द्वारा रचित कुल नौ गाने होंगे, जिसे स्वर देंगे पद्मश्री अनूप जलोटा, अरविंदर सिंह, पामेला जैन, रामशंकर और अगम निगम। यह फिल्म शिरोमणि क्रिएशन के बैनर तले निर्मित होगी। इसके लेखक निर्देशक हैं अनिल कुलचैनिया, संवाद लेखक भरत बेनीवाल और सह निर्माता उमेश मल्हार हैं। फिल्म में जैन मुनि के माता-पिता की भूमिका में गजेंद्र चौहान और किशोरी शहाणे विज होंगे। साथ ही अलाइना भी महत्वपूर्ण किरदार निभाएंगी।
निर्देशक अनिल कुलचैनिया ने बताया कि फिल्म में आचार्य विद्यासागर के शुरुआती जीवन से दीक्षा ग्रहण तक की गाथा को दर्शाया जाएगा। उन्होंने इस फिल्म के लिए लगभग दो वर्षों तक शोध कार्य किया है। साथ ही जैन धर्म के अनुसार अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग आचार्य की जन्मस्थली कर्नाटक से लेकर राजस्थान के कई हिस्सों में की जाएगी।


Leave a Reply