राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार में सामाजिक विज्ञान विभाग के तत्वावधान में दो दिवसीय अंतरविद्यालयी मॉडल संयुक्त राष्ट्र (एमयूएन) सम्मेलन का आठवें अधिवेशन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैश्विक मुद्दों के प्रति जागरूकता, तार्किक चिंतन, नेतृत्व क्षमता, शोध एवं संवाद-कौशल विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आदित्य गोस्वामी विद्यालय सचिव प्रियंक जोशी, प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय एवं प्रबंधन समिति के अन्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सम्मेलन में सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
सम्मेलन में अखिल भारतीय राजनीतिक दलों का मंच (एआईपीपीएम), मार्वल बनाम डीसी, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी), संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी), लोकसभा, अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता दल एवं भारतीय प्रीमियर लीग (आईपीएल) जैसी समितियाँ शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने वैश्विक शांति, मानवाधिकार, भारतीय शिक्षा प्रणाली एवं सामाजिक मुद्दों पर शोधपरक चर्चा और तार्किक विचार-विमर्श किया। पत्रकारिता दल ने समाचार-लेखन, छायाचित्रण एवं व्यंग्यचित्रों के माध्यम से सम्मेलन को रचनात्मक स्वरूप प्रदान किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि साकिब सलीम ( प्रसिद्ध इतिहासकार) ने विद्यार्थियों को वैश्विक मुद्दों के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी, पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के सचिव प्रियंक जोशी ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व, निर्णय-निर्माण एवं समस्या-समाधान के कौशल विकसित कर उन्हें जिम्मेदार वैश्विक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सामाजिक विज्ञान विभागाध्यक्षा अनामिका सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


Leave a Reply