राम बारात के उत्सव में डूबा शहर, स्वागत में श्रद्धालुओं ने की पुष्पवर्षा

राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। श्री रामलीला कमेटी खुरजा के तत्वावधान में चल रहे श्रीरामलीला महोत्सव के तहत गुरुवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और उनके तीनों भाइयों की बारात धूमधाम से निकाली गई। कई झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। जगह-जगह श्रीराम की आरती उतारी गई और पुष्पवर्षा कर भक्तों ने उनका स्वागत किया।
8 अक्टूबर के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमरोहा जिला प्रभारी सतेंद्र शिशोदिया, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, पूर्व विधायक विजेंद्र और समाजसेवी रंजना सिंह रहे। अतिथियों ने फीता काटकर श्रीराम बारात का शुभारंभ किया। भृगु सदन से झांकियों के साथ यात्रा शुरू हुई। पारंपारिक मंगल ध्वनि और राया की सुप्रसिद्ध शहनाई-नफीरी की कर्णप्रिय व मांगलिक तान ने मंत्रमुग्ध कर दिया।
राम बारात में इटावा के रवि आकाश बैंड, सहारनपुर के अशोक बैंड, बरेली के सरताज बैंड, हिसार के महाराजा बैंड, दिल्ली के बलदेव बैंड तथा खुर्जा के लक्ष्मी राजा बैंड की भक्तिमय धुन पर श्रद्धालु खूब झूमे। बुलंदशहर के सौरभ ढोल की थाप और अखाड़े के जांबाज कलाकारों के पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन ने लोगों में ऊर्जा का संचार किया। साथ ही प्रथम पूज्य गणेश की भव्य रथारूढ़ झांकी, इस्कॉन जगन्नाथ का रोड शो, तिरुपति बालाजी, गिरिराज तथा वैष्णो देवी दरबार की झांकियों ने मन मोह लिया।
रासलीला व रोड शो तथा हाइड्रा पर राधा-कृष्ण व रोड शो की झांकियों ने भी लुभाया। शक्ति स्वरूपा महाकाली तथा बंगाल वाली काली माता के रौद्र व तेजस्वी स्वरूपों ने भक्तों में आध्यात्मिक ऊर्जा भर दी। सुदामा-कृष्ण मिलन, शिव परिवार, संकटमोचन हनुमान एवं ताड़कासुर वध की झांकियों ने रामकथा के प्रसंगों को जीवंत कर दिया।
गंगा मंदिर से स्वर्णिम रथ पदम सिंह गेट पहुंचा। कंसल वाली गली, जेएएस इंटर कॉलेज, फत्तो बावली गेट, कबाड़ी बाजार चौराहा, बिंदा वाला चौक, सर्राफा बाजार, सब्जी मंडी सहित विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई। जबकि चामड मंदिर, गोवर्धन मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों के निकट श्रीराम की आरती की गई।
प्रचार प्रभारी विनीत आर्य के अनुसार, राम बारात के संचालन में लगे श्री रामलीला कमेटी के प्रधान आशीष गोयल, महामंत्री पुनीत साहनी (विक्की), कोषाध्यक्ष सचिन बंसल, जनरल मैनेजर दीपक गर्ग (पूर्व चेयरमैन), इंचार्ज विशाल वाधवा, संयोजक हरजीत सिंह (टीटू), राम दिवाकर, कैलाश वर्मा और शुभम त्यागी ने नगरवासियों, प्रशासन और सभी धर्मप्रेमियों का आभार व्यक्त किया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*