Grand Zesta 2026 : नेहा मिस तो मनीष चुने गए मिस्टर PIIT

राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-3 स्थित दिल्ली एनसीआर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) में वार्षिक उत्सव ग्रेंड जेस्टा (Grand Zesta) 2026 का रंगारंग आयोजन किया गया। फ्रेशर पार्टी में छात्र-छात्राओं ने समां बांध दिया। प्रतिभा, व्यक्तित्व और प्रस्तुति के आधार पर विभिन्न खिताब प्रदान किए गए। मनोरंजक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के बाद d.eld की नेहा यादव मिस PIIT और B.ed के मनीष कुमार मिस्टर PIIT चुने गए।
गुरुवार, 5 नवंबर को आयोजित ग्रैंड जेस्टा में छात्र-छात्राओं ने कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जमकर धूम मचाई। गीत, संगीत, नाटक, संवाद, नृत्य, रैंप वाक, मनोरंजक प्रतियोगिता एवं कई अन्य सांस्कृतिक विधाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक व आधुनिक परिधानों में आए छात्र-छात्राओं के उच्च ऊर्जा स्तर व अद्भुत टैलेंट शो ने पूरे पीआईआईटी प्रांगण को जीवंत और यादगार बना दिया।
सांस्कृतिक समारोह के मुख्य अतिथि कुमाऊँ और गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) बीएस राजपूत रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भारत सिंह ने की। जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर डिबाई बुलंदशहर की पूर्व विधायक डॉ. अनिता लोधी राजपूत और समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल और प्रतीक चिन्ह देकर उन्हें संस्थान की चेयरमैन मैम श्रीमती मिथिलेश सिंह, श्रीमती जागेश सिंह और निदेशक आरके शाक्य ने सम्मानित किया।


मुख्य अतिथि प्रोफेसर राजपूत विद्यार्थियों की रचनात्मकता, टीम भावना व कला कौशल को देखकर बहुत प्रभावित हुए। उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम’के मंत्र पर बल देते हुए छात्र-छात्राओं से कहा कि अगर आपके विचारों में राष्ट्र पहले आता है, तो नेतृत्व मजबूत होता है और हर निर्णय सार्थक हो जाता है। आप कभी अपनी मंजिल से नहीं भटकेंगे। विशिष्ट अतिथि डॉ. अनिता राजपूत ने कहा कि एक शिक्षक के सही मार्गदर्शन से छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ता है। वे सही दिशा की ओर अग्रसर होते हैं और यह कार्य पीआईआईटी पूरी जिम्मेदारी के साथ बाखूबी कर रहा है।
चेयरमैन डॉ. भारत सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने और सफलता के लिए निरंतर मेहनत व अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने पोलिटेक्निक की खुशी को मिस फ्रेशर और बी.फार्मा प्रथम वर्ष के सूर्यकांत को मिस्टर फ्रेशर के खिताब से नवाजा। जबकि पोलिटेक्निक के छात्र अवनीश वर्मा को मिस्टर ईव और बीबीए दद्वितीय वर्ष की छात्रा ऋतिका मिश्रा को मिस ईव चुना गया। सभी विजेताओं के नामों की घोषणा प्रतियोगिता की मुख्य जज लक्ष्मी प्रिया ने की।


ग्रैंड जेस्टा में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को भी चेयरमैन डॉ. भरत सिंह, श्रीमती मिथिलेश सिंह, श्रीमती जागेश सिंह, निदेशक आर.के. शाक्य और सहायक निदेशक डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने पुरस्कृत किया। साथ ही इन सभी ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इससे पहले सांस्कृतिक उत्सव में दिल्ली से आए अंतरराष्ट्रीय गायक प्रतीक गौतम, मुंबई से पहुंचे मनोज और गाजियाबाद से पधारे अनिल ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति से जहां समां बांध दिया, वहीं एयर गुरुकुल की प्रमुख लक्ष्मी प्रिया ने अपनी पारंपरिक कविता से दर्शकों व श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में पत्रकारों, कलाकारों एवं आयोजन को बेहतर बनाने वाले फैकल्टी व अन्य स्टाफ को भी सम्मानित किया गया। मंच का शानदार संचालन प्रोफेसर बबलू रावत ने किया और निदेशक आर.के. शाक्य ने अतिथियों के प्रति आभार जताते हुए समारोह का समापन किया। इस अवसर पर पीआईआईटी के डीन विश्वजीत वर्मा, पवन कुमार, फैकल्टी, स्टॉफ, सभी छात्र-छात्राएं व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

admin
About admin 3402 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*