राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
नई दिल्ली। अखिल भारतीय लोधी लोधा अधिकारी कर्मचारी संघ (आलोक) ने संगठन के सर्वोच्च सम्मान ‘आलोक रत्न’ पुरस्कार के लिए वर्ष 2024 एवं 2025 के चयनित विभूतियों के नामों की घोषणा कर दी है। मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री मानपाल सिंह और राजस्थान के देव सिंह लोधा (मरणोपरांत) को ‘आलोक रत्न’ सम्मान देने का ऐलान किया गया है।
रविवार, 15 नवंबर को आयोजित अखिल भारतीय लोधी लोधा अधिकारी कर्मचारी संघ (आलोक) के पंचम राष्ट्रीय अधिवेशन एवं राष्ट्रीय प्रतिभा गौरव सम्मान समारोह में विशेष अतिथि के तौर पर सांसद मुकेश राजपूत, हुकुम सिंह राजपूत और प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इन्नोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) ग्रेटर नोएडा के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय लोधी लोधा अधिकारी कर्मचारी संघ की राष्ट्रीय परामर्शदात्री समिति के निर्णय के क्रम में संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतिवल सिंह लोधी के अनुसार, आलोक राष्ट्रीय पुरस्कार परिषद के अध्यक्ष डॉ. बद्री विशाल सिंह की संस्तुति तथा अध्यक्षीय अनुमोदन की प्रक्रिया के अंतर्गत अध्यक्ष आर.एस. वर्मा की अनुमति के पश्चात ‘आलोक रत्न’ पुरस्कारों की घोषणा की गई है।

डॉ. भरत सिंह ने बुधवार को ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि ‘आलोक रत्न’ पुरस्कार समाजसेवा, संगठनात्मक समर्पण, शैक्षिक विकास एवं सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय योगदान देने वाली विभूतियों के प्रति संगठन की कृतज्ञता, सम्मान एवं प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह सम्मान समाज में सेवा, समर्पण, शिक्षा एवं नेतृत्व के उच्च आदर्शों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने बताया कि धौलपुर (राजस्थान) के निवासी स्वर्गीय श्री देव सिंह लोधा आलोक के पूर्व संस्थापक सदस्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परामर्शदात्री समिति के सदस्य थे। संगठन की स्थापना, सुदृढ़ीकरण एवं विकास के प्रति उनके समर्पण, अमूल्य योगदान तथा उल्लेखनीय सेवाओं के सम्मानस्वरूप उन्हें आलोक रत्न पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जबकि 2025 के ‘आलोक रत्न’पुरस्कार से मानमाल सिंह को नवाजा जाएगा। मानपाल उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री हैं और उन्होंने लोधी समाज के उत्थान, विकास एवं शैक्षिक प्रगति के लिए छह दशकों से अधिक समय तक उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
डॉ. भरत सिंह ने 15 नवंबर के कार्यक्रम में अपने वकत्वय में पुन: अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और गरीबी इसमें कभी रुकावट नहीं बनेगी। उनका शिक्षण संस्थान प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) समाज के गरीब, असहाय और वंचित वर्गों के लिए सदैव मुफ्त शिक्षा प्रदान करता रहेगा। साथ ही महिला सशक्तिकरण और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान निरंतर जारी है।

जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार ‘भारत गौरव’ से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Leave a Reply