राष्ट्रीय जनमोर्चा। विशेष संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले ये दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही ये विफल हो चुके हैं। गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बैठकें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान क्या होगा?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की ऐसी स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है। जनता बार-बार इन दलों को खारिज कर रही है। क्योंकि यूपी में परिवारवाद की राजनीति का दौर खत्म हो चुका है।
सीएम योगी बुधवार, 25 नवंबर को लखनऊ में आयोजित एक निजी न्यूज चैनल के शिखर सम्मेलन में संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की बदली तस्वीर, कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार, विपक्ष की राजनीति, गठबंधन, आगामी चुनाव और अपनी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े सवालों पर बेबाकी से जवाब दिए।
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन के अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं। लेकिन दोनों दलों के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, वह उनके आपसी तालमेल पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कटाक्ष किया कि इनकी स्थिति ऐसी हो गई है कि एक तरफ अपमानित हो रहे हैं और दूसरी तरफ उसी को सामान्य बताने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच कथित मतभेदों पर उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल एनडीए का हिस्सा हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के लोग एनडीए की एकजुटता को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार ‘भारत गौरव’ से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Leave a Reply