सुधांशु श्रीवास्तव
सुलतानपुर। मौनी अमावस्या पर गोमती नदी के सीताकुंड घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। पूजा-पाठ किया और अन्न दानकर पुण्य कमाया।
शुक्रवार को नगर के सीताकुंड धाम पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। यहां भोर में ही स्नान करने वालों का तांता लग गया, बल्कि गुरुवार की शाम से ही स्नान करने के लिए लोग सीताकुंड पहुंचने लगे थे। धाम से लेकर दीवानी-कचहरी चौराहा होते हुए खुर्शीद क्लब मैदान तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। शुक्रवार की सुबह आठ बजते-बजते घाट पर हजारों लोग पहुंच गए। सीताकुंड घाट के दोनों छोर पर बड़ी संख्या में लोगों ने स्नान किया। महिलाओं की संख्या अधिक रही।
जिले के अलावा अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, प्रतापगढ़ और जौनपुर के लोग भी सीताकुंड स्नान करने पहुंचे। साधु-संतों और पंडितों ने मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की। साथ ही श्रद्धालुओं ने भी घाट पर मौजूद पुरोहितों के माध्यम से गोदान आदि कर धार्मिक अनुष्ठान किया। गरीबों को अन्न दान कर पुण्य लाभ कमाया। गोमती मित्र मंडल के प्रदेश अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में सीता कुंड घाट पर सफाई व्यवस्था सराहनीय दिखाई दी। दूसरी तरफ कार्यकर्ता जगह-जगह मेला व्यवस्था को देखते रहे। सुबह श्रद्धालुओं को कार्यकर्ताओं ने चाय भी पिलाई। लेकिन पत्रकार व वकील जितेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि घाट पर महिलाओं को कपड़ा बदलने के लिए व्यवस्था नहीं होने से थोड़ी लोगों को असुविधा हुई। बाकी व्यवस्था अच्छी रही।


Leave a Reply