राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के विरोध में जामिया से राजघाट तक मार्च के दौरान एक युवक ने गोली चला दी, जिसमें एक छात्र घायल हो गया है। मार्च में तैनात दिल्ली पुलिस से केवल 10 मीटर की दूरी पर युवक ने गोली चलाई है। इसके बाद पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया।
घायल छात्र का नाम शादाब, जिसे जामिया का छात्र बताया जा रहा है। एनआरसी के विरोध में जामिया मिल्लिया इस्लामिया के सामने से राजघाट तक लांग मार्च शुरू हो चुका है। इस मार्च में बड़ी संख्या में जामिया नगर, शाहीन बाग, ओखला, नूर नगर आदि इलाकों के लोग शामिल हैं। शाहिन बाग धरने में से भी बहुत से लोग शामिल हुए हैं इस मार्च में। पिछली बार के अनुभव को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि मार्च के दौरान बवाल हो सकता है। इसलिए जगह-जगह भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। जामिया मिल्लिया से लेकर सुखदेव विहार, होली फेमिली अस्पताल, सूर्या होटल, मथुरा रोड, मोदी मिल फ्लाईओवर आदि जगहों पर भारी संख्या में पुलिस और आरएएफ के जवान तैनात हैं। पूरे इलाके का ट्रैफिक अस्त-व्यस्त है। शाहीन बाग और जामिया मिल्लिया इस्लामिया में 45 दिनों से लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। लोग नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के खिलाफ सड़कों पर बैठे हुए हैं।
लगातार प्रदर्शनों के बीच प्रदर्शन कमेटी ने गुरुवार को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राजघाट तक नौ किलो मीटर लंबा मार्च निकालने का आह्वान किया है। इस दौरान पूरे देश से लोगों को शामिल होने की अपील की गई है। इसके कारण दक्षिणी दिल्ली में लोगों को भयंकर जाम का सामना करना पड़ सकता है। नौ किलोमीटर लंबे मार्च को लेकर लोग आशंकित दिखाई दे रहे हैं। राजघाट तक के मार्च को लेकर पूरी दक्षिणी दिल्ली के थमने की आशंका है। अभी तक लोग केवल कालिंदी कुंज मार्ग के बंद होने से ही परेशान हैं। मार्च में शामिल लोगों की सुरक्षा और बाकी लोगों की सुरक्षा भी एक अहम मुद्दा है। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इलाके की शांति व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी। स्थानीय लोग 15 दिसंबर की शाम में हुए हिंसक प्रदर्शन को लेकर अभी तक भयभीत हैं। लेकिन अब प्रदर्शनकारियों की संख्या कम हो रही है। जबकि कमेटी की तरफ से बार-बार लोगों से प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की जा रही है।


Leave a Reply