तापसी पन्नू और थप्पड़ की गूंज

हीर श्रीवास्तव

नई दिल्ली। तापसी पन्नू और निर्देशक अनुभव सिन्हा की जोड़ी एक और संवेदनशील फ़िल्म लेकर आयी है- थप्पड़, जिसकी गूंज फ़िलहाल सोशल मीडिया में सुनाई दे रही है। फ़िल्म का ट्रेलर शुक्रवार को इंटरनेट पर जारी किया गया और आते ही छा गया है। पति-पत्नी के बीच प्यार-मोहब्बत और थप्पड़ की कहानी को लोग पसंद कर रहे हैं और प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। थप्पड़ का ट्रेलर देखकर कबीर सिंह की थप्पड़ की यादें भी ताज़ा हो गयी हैं।

थप्पड़ में तापसी पन्नू ने एक गृहिणी का रोल निभाया है। आवेश के एक पल में पति तापसी के किरदार को थप्पड़ मारता है, जिसके बाद दोनों की ज़िंदगी बदल जाती है। तापसी का किरदार तलाक़ के लिए केस कर देता है और सवाल उठाया जाता है- क्या एक थप्पड़ बस इतनी सी बात है? फ़िल्म 28 फरवरी को रिलीज़ होगी। तापसी के पति के रोल में पावेल गुलाटी हैं।

अनुभव सिन्हा इससे पहले मुल्क और आर्टिकल 15 जैसी संवेदनशील और भावनात्मक फ़िल्में बना चुके हैं। थप्पड़ उसी सिलसिले को आगे बढ़ाती है। ट्रेलर को ज़्यादातर लोगों ने पसंद किया है। ख़ास बात यह है कि थप्पड़ पिछले साल आई बेहद कामयाब फ़िल्म कबीर सिंह के कथ्य को ख़ारिज करती है, जिसमें शाहिद कपूर के किरदार कबीर सिंह को गर्लफ्रेंड बनी कियारा आडवाणी पर हाथ छोड़ते हुए दिखाया गया था। इस दृश्य की उस समय भी काफ़ी आलोचना हुई थी। तापसी के थप्प़ड़ के बहाने कबीर सिंह के थप्पड़ की ओर भी एक यूज़र ने ध्यान आकर्षित किया है। तापसी इससे पहले मुल्क में अनुभव के साथ काम कर चुकी हैं। इस साल तापसी की यह पहली रिलीज़ फ़िल्म होगी। 2019 में तापसी 4 फ़िल्मों में नज़र आयी थीं। अमिताभ बच्चन के साथ बदला, अक्षय कुमार के साथ मिशन मंगल, गेम ओवर और भूमि पेडनेकर के साथ सांड की आंख। तापसी ने अपनी अदाकारी से तारीफ़ें बटोरीं। अब थप्पड़ से कुछ वैसी ही उम्मीदें हैं।

admin
About admin 3420 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*