कोविड-19: मुख्यमंत्री योगी का बड़ा ऐलान, 35 लाख मजदूरों को रुपये के साथ मुफ्त में मिलेगा अनाज

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार कोरोना को लेकर बेहद गंभीर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के 23 पॉजिटिव में से नौ लोग निगेटिव हो गए हैं। इन सभी को आइसोलेट किया गया था और इनकी रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। शेष 14 की हालत में भी काफी सुधार है। हमारे पास राज्य में पर्याप्त संख्या में आइसोलेशन वार्ड हैं। हम धीरे-धीरे इसकी संख्या भी बढ़ा रहे हैं। इससे निपटने के लिए सरकार हर कदम पर जनता के साथ है। खतरे को देखते हुए मॉल, स्कूल और कॉलेजों को बंद रखना पड़ा है। हम सभी को ‘जनता कर्फ्यू’ का पालन करना चाहिए, राज्य की सभी मेट्रो रेल, राज्य और सिटी बस सेवाएं कल रविवार को बंद रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि अब तक प्रदेश में 23 में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। स्वास्थ विभाग ने मीडिया बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि आगरा में 8, गाजियाबाद में 2, नोएडा में 4, लखनऊ में 8, लखीमपुर खीरी में एक में कोरोना की पुष्टि हुई है। अब तक कुल 984 टेस्ट निगेटिव पाए गए, जबकि 157 के टेस्ट का इंतजार है। एयरपोर्ट पर 24580 की थर्मल स्कैनिंग हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस संकट की घड़ी में हम रोज कमाकर खाने वालों के साथ हैं। वह घरों से न निकलें। हम प्रदेश के 35 लाख दिहाड़ी मजदूरों तथा खोमचे वालों को प्रति महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता देंगे। इसके साथ ठेला खोमचा रेहड़ी आदि वाले करीब 15 लाख हैं, इन्हें भी हम 1000 रुपये देंगे। कोरोना वायरस से निपटने के लिए प्रदेश के एक करोड़ 65 लाख गरीब परिवारों को राशन फ्री मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रम विभाग में 20 लाख 37 हजार पंजीकृत श्रमिकों, दैनिक सफाईकर्मी 15 लाख लोगों को भी भरण-पोषण के तौर पर एक हजार रुपये उनके एकाउंट में ट्रांसफर किए जाएंगे। प्रदेश में 20 लाख से ज्यादा श्रम विभाग के पंजीकृत मजदूर हैं। इसके अलावा नगर विकास के 16 लाख दिहाड़ी सफाई कर्मचारी, 58000 ग्राम सभाओं से 20-20 मजदूर लिए जाएंगे। इस हिसाब से मजदूरों की संख्या 80 लाख हो जाएगी। राज्य सरकार के पास पर्याप्त मात्रा दवाएं और खाद्यान उपलब्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोगों से ‘जनता कर्फ्यू’ का पालन करने का अनुरोध किया। उन्होंने लोगों से सुनिश्चित करने के लिए कहा कि वे रविवार सुबह 7 से रात 9 बजे तक अपने घरों में रहें।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*