राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि अमेरिका कोरोना वायरस महामारी का नया वैश्विक केंद्र बन सकता है। अब तक कोविड-19 से अमेरिका में 54,881 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 782 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि दुनिया भर में कोरोना वायरस से 421,000 लोग संक्रमित हुए हैं और 18,800 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
आंकड़े जुटा रही एक एजेंसी के प्रमुख ने बताया है कि अब तक मिले आंकड़ों के अनुसार इटली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या संभवत: आधिकारिक आंकड़ों से 10 गुना अधिक हो सकती है। अब तक वहां सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। मंगलवार को 743 लोगों की मौत हुई। इससे इटली में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 6,820 तक पहुंच गई।
स्पेन में नर्सों और डॉक्टरों ने मंगलवार को मामलों में सबसे तेज दैनिक वृद्धि की रिपोर्ट दी है। लगभग 40 हजार लोग संक्रमित पाए गए हैं। फ्रांसीसी अधिकारियों ने मंगलवार को कोरोना वायरस से 240 लोगों की मौत की सूचना दी है। फ्रांस में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 1,100 हो चुकी है। वहीं ब्रिटेन में राष्ट्रीय तालाबंदी के पहले दिन कोरोना वायरस से 422 लोगों की मौत हो गई, जबकि सरकार ने स्वास्थ्य सेवा के लिए 250,000 स्वयंसेवकों को बुलाया है।


Leave a Reply