लॉकडाउन में गरीबों और जरूरतमंदों के लिए ‘नया सवेरा’

गाजियाबाद। कोरोना वायरस (काविड-19) महामारी के कारण लॉकडाउन की स्थिति में सामाजिक संस्था नया सवेरा सोसायटी गरीबों और जरूरतमंदों के लिए एक नई किरण बनकर आई है। संस्था के पदाधिकारियों लगातार झुग्गी-झोपडिय़ों में मुफ्त राशन बांट रहे हैं। रविवार, 05 अप्रैल को भी गाजियाबाद स्थित गढ़ी, चिक रोड 5 नंबर भट्ठा और आरकेजीआईटी क्षेत्र में गरीबों और जरुरतमंदों के बीच छह क्विंटल राशन का वितरण किया। साथ ही संस्था की अध्यक्ष डॉ कमलेश भारद्वाज ने लोगों से आग्रह किया कि वे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और रात नौ बजे नौ मिनट तक दीपक या मोमबत्ती का प्रकाश कर कोरोना वायरस को भगाने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का साथ दें।

नया सवेरा के सचिव व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने बताया कि देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) के प्रकोप के चलते घोषित लॉकडाउन के बाद जो स्थितियां उत्पन्न हुई हैं, वे गरीबों और मजदूरों के लिए बहुत ही कष्टदाई हैं। आज हर आदमी इस लड़ाई को जीतने के लिए घर में रहते हुए सरकार का साथ दे रहा है। ऐसे में काम-धंधा बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी गरीबों और दिहाड़ी मजदूरों को हो रही है। लोगों को राहत पहुंचाने के लिए शासन-प्रशासन, डॉक्टर, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्य कर्मचारी, मीडिया और सिविल डिफेंस के लोग बाखूबी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उसी कड़ी में रविवार को नया सवेरा संस्था ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों और सिविल डिफेंस के वालंटियरों के सहयोग से छह क्विंटल से ज्यादा राशन (आटा, चावल, दाल, आलू और सरसों का तेल के 150 पैकेट) गरीबों और मजदूरों की बस्ती में जाकर मुफ्त वितरण किया।

बच्चन ने कोरोना महामारी को लेकर कहा कि यह वह समय है जब देश को हमारी सबसे ज्यादा जरूरत है। बहुत से लोग भविष्य को लेकर अनिश्चित हैं और मैं खासकर रोज कमाकर गुजारा करने वालों के लिए चिंतित हूं। हम अपनी तरफ से मदद की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन की स्थिति में संस्था के कार्यकर्ता नियमों का पूर्ण रूप से पालन कर रहे हैं और जरुरतमंदों के बीच राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

रविवार सिविल डिफेंस के डिप्टी चीफ कोऑर्डिनेटर अनिल अग्रवाल ने संस्था के उपाध्यक्ष डॉ सुधीर कुमार से बातचीत की। उन्होंने बताया कि आज रविवार की सुबह संस्था के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पुलिस और सिविल डिफेंस के वालंटियरों के साथ गाजियाबाद के गढ़ी, चिक रोड 5 नंबर भट्ठा और आरकेजीआईटी क्षेत्र में गरीबों और जरुरतमंदों को राशन वितरण करेंगे। मुफ्त बंटने वाली सामग्री में डॉ. उर्विजा शर्मा, केतन तिवारी, भुवनेश्वर पाठक, डॉ गीता पांडेय, आरएम पाठक, वीना शर्मा, प्रियंका गंगवार, रितु शर्मा, डॉ एसके अग्रवाल, अमित कुमार, डॉ पूनम वशिष्ठ और राजेश अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। संस्था की अध्यक्ष डॉ (श्रीमती) कमलेश भारद्वाज और उपाध्यक्ष डॉ सुधीर कुमार ने इन सभी का आभार प्रकट किया है।

नया सवेरा सोसायटी की अध्यक्ष डॉ भारद्वाज ने कहा है कि देश में कोरोना वायरस से लड़ाई के लिए वे हमेशा आगे हैं। उन्होंने बताया कि हमारे तमाम साथी और सहयोगी संस्था को गरीबों की मदद करने के लिए आर्थिक रूप से तैयार हैं। डॉ भारद्वाज ने अन्य सामाजिक संगठनों व संस्थाओं से अपील की है कि वे भी उनकी मदद के लिए आगे आएं। इस मौके पर नया सवेरा की उप सचिव डॉ. संगीता पाठक, कोषाध्यक्ष प्रीतिका बच्चन, कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य रिपुमर्दन पाठक और सिविल डिफेंस के वालंटियर आदि उपस्थित रहे। इन सभी ने झुग्गी बस्तियों में जाकर गरीबों और दिहाड़ी मजदूरों को राशन वितरित करने में संस्था की भरपूर मदद की है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*