‘इंडिया फर्स्ट – इंडियंस फर्स्ट’ की नीति ही असली राष्ट्रभक्ति: सुरजेवाला

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने जीवनरक्षक दवाइयों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के धमकी भरे बयान पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि भारत को कोई धमका नहीं सकता है। भारत हर किसी की मदद को तैयार है लेकिन वह पहले अपने देशवासियों की चिंता करेगा। ‘इंडिया फ़र्स्ट-इंडियंस फ़र्स्ट’ की नीति ही असली राष्ट्रभक्ति है।
रणदीप सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संबोधित कर मंगलवार को एक ट्वीट भी किया, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘प्रधानमंत्री जी, कोई भारत को धमका नहीं सकता। जीवनरक्षक दवाई को विदेश भेजने से पहले “इंडिया फ़र्स्ट-इंडियंस फ़र्स्ट” नीति ही असली राष्ट्रभक्ति है।’ उन्होंने यह ट्वीट तब किया, जब ट्रम्प की धमकी के बाद भारत सरकार ने कुछ दवाइयों के निर्यात पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ दुनिया भर की जद्दोजहद के बीच भारत भी अपनी कोशिशों में लगातार प्रयासरत है। वह देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना महामारी के प्रकोप से निपटने के लिए जनता से बचाव एवं सुरक्षा-जागरुकता की अपील कर रहा है। इस बीच अगर भारत अन्य देशों की मदद के लिए जीवनरक्षक दवाइयों को निर्यात करता है तो यह उसका बड़ा दिल होगा। हालांकि भारत की पहली प्राथमिकता उसके अपने देशवासी हैं। ऐसे में कोई भी भारत को धमका नहीं सकता है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*