“पुलिस के मानवतावादी रवैये की जमकर तारीफ”
विवेक श्रीवास्तव
सुल्तानपुर। जिले की फैजाबाद सीमा पर शुक्रवार को पूर्वान्ह उस समय लोग चकित हो गए जब उन्होंने आधा दर्जन वर्दीधारियों के साथ कप्तान शिवहरि मीणा को गन्ना लदी ट्रॉली व ट्रेक्टर में धक्का लगाते देखा।
मसौधा चीनी मिल जा रहा गन्ने से लदा ट्रैक्टर जब बीच हाईवे पर बंद हो गया तो कप्तान ने स्टॉफ संग धक्का लगाकर स्टार्ट कराया। उनके इस मानवता भरे व्यवहार से ट्रैक्टर पर मौजूद किसान अभिभूत हो उठा और जय जवान जय किसान के नारे लगाने लगा।
अयोध्या सीमा पर सुल्तानपुर स्थित जमोली चेक पोस्ट के निकट चौकी पर एसपी शुक्रवार को लॉकडाउन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। दर्जनों पुलिस कर्मियों को दूर से आता हुआ देख गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली पर ड्राइवर ने धीरे-धीरे ब्रेक लगा दिया। लेकिन इसी बीच ट्रैक्टर का इंजन बंद हो गया।
ट्रैक्टर सेल्फ स्टार्ट नहीं था, जिस कारण ड्राइवर असहाय सा सीट पर बैठा रहा। नजाकत भाँप एसपी ने ड्राइवर से पूछा कि सेल्फ स्टार्ट नहीं है। तब ड्राइवर ने कहा कि साहब ट्रैक्टर धक्का प्लेट है। ड्राइवर के मासूम जवाब और बेबसी देख एसपी शिवहरि मीना द्रवित हो उठे।
एसपी ने पूछा, धक्का लगाने पर स्टार्ट हो जाएगा। ड्राइवर ने कहा, हाँ साहब। लेकिन हम दो लोग हैं। कैसे लगाएंगे धक्का?
एसपी ने कहा कि धक्का मैं और हमारी पुलिस लगाएगी। तुम स्टार्ट करो। इसके बाद एसपी ने वहाँ मौजूद कूरेभार एसओ डीपी शुक्ला व मौजूद सिपाहियों संग धक्का देना शुरू किया और चंद सेकेंड में ही ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया।
पुलिस के इस मानवता पूर्ण व्यवहार को देखकर किसान बड़ा गदगद हुआ। इस दृश्य से मित्र पुलिस की छवि उजागर होती है। यही कारण है कि पुलिस को आज कोरोना योद्धा की पदवी मिली हुई है।
एक दिन पहले ही सहानपुर में भी पुलिस कप्तान ने एक गरीब दलित महिला के शव को कंधा दिया तो लोगों की भावनाएं उमड़ पड़ीं। गरीब महिला अकेली थी। कोई उसे कधा देने वाला नहीं था। इसलिए एसएसपी ने सिपाहियों के साथ अर्थी को कंधा देकर शव को श्मशान घाट तक पंहुचाया।

Leave a Reply