राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कोरोना से हर कोई जंग लड़ रहा है। योद्धाओं को आगे बढ़ने के लिए तमाम लोग अलग-अलग तरीके से प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसी कड़ी में इंडिपेंडेंट स्कूल फेडरेशन के पदाधिकारियों ने आज शुक्रवार को राज्यमंत्री अतुल गर्ग से उनके निवास पर मुलाकात की और मुख्यमंत्री राहत कोष में पांच लाख रुपये का चेक दिया। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष सुभाष जैन के नेतृत्व में महामंत्री गुलशन भांवरी, जेके गॉड और आलोक गर्ग भी मौजूद रहे।
फेडरेशन के अध्यक्ष सुभाष जैन ने कहा कि देश ही नहीं बल्कि पूरा विश्व कोविड-19 के प्रकोप से प्रभावित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता के चलते देश में समय से लॉकडाउन लगा दिया गया, जिससे इस वायरस के बढ़ते प्रकोप में ब्रेक लग गया। पूरा विश्व मोदीजी की तारीफ कर रहा है। साथ ही उत्तर प्रदेश जनसंख्या व क्षेत्रफल में देश का सबसे बड़ा प्रदेश है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 घंटे कोविड-19 की मुहिम में लगे हुए हैं। हमारी संस्था का प्रत्येक सदस्य सरकार के साथ है।
फेडरेशन के महामंत्री गुलशन भांबरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन का सभी लोग पालन कर रहे हैं। इस महामारी की लड़ाई में फेडरेशन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ है। आज संस्था की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में पांच लाख का चेक दिया गया है। यदि भविष्य में आवश्यकता पड़ी तो इंडिपेंडेंट स्कूल फेडरेशन हरसंभव सहयोग आगे भी करने के लिए वचनबद्ध है। इसके लिए राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने संस्था के अध्यक्ष के साथ-साथ सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया है।


Leave a Reply