राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रेल हादसे पर जताया गहरा दुख
मुंबई। महाराष्ट्र के औरंगाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रेल की पटरी पर प्रवासी मजदूरों को एक मालगाड़ी ने रौंद दिया। औरंगाबाद के जालना रेलवे लाइन के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें 15 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।
करमाड थाना पुलिस के अनुसार यह हादसा औरंगाबाद-जालना रेलवे लाइन पर शुक्रवार की सुबह सवा पांच बजे के करीब हुआ है। ये सभी प्रवासी मजदूर जालना से भुसावल जा रहे थे। वहीं से इन्हें ट्रेन पकडऩी थी और मध्य प्रदेश जाना था। मजदूर रेलवे लाइन के बगल में ही चल रहे थे। थक गए तो पटरी पर ही सो गए। शुक्रवार की सुबह सवा पांच बजे वे ट्रेन की चपेट में आ गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ये सभी मजदूर एक स्टील फैक्टरी में काम करते थे।
लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि प्रवासी मजदूर अपने घर छत्तीसगढ़ पैदल जा रहे थे। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। दक्षिण सेंट्रल रेलवे की चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर का कहना है कि औरंगाबाद में कर्माड के पास एक हादसा हुआ है, जहां मालगाड़ी का एक खाली डब्बा कुछ लोगों के ऊपर से गुजर गया। आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर मौजूद है। विस्तृत घटनाक्रम के मिलने की प्रतीक्षा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने औरंगाबाद में हुए रेल हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि औरंगाबाद में हुए रेल हादसे में जिनकी जान गई है, उससे बहुत दुख पहुंचा है। पीएम मोदी ने इस हादसे के बारे में रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात की है और हालात का जायजा लेने को कहा है।


Leave a Reply