औरैया। कोरोना कहर और लॉकडाउन से परेशान प्रवासी मजदूर पैदल ही घरों के लिए निकल रहे हैं। सरकार के तमाम इंतजाम इन मजदूरों के लिए कम पड़ रहे हैं। ऐसे ही लोगों से भरे एक ट्रक का शनिवार को औरैया में एक डीसीएम ट्रक से टक्कर हो गई। उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया में हुई इस भीषण दुर्घटना में 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हैं। गंभीर रूप से घायल 20 मजदूरों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य घायल जिला अस्पताल में भर्ती है।
औरैया की सीएमओ डॉ अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि 24 लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। फिलहाल 35 लोग अस्पताल में भर्ती हैं और 15 लोग, जो गंभीर रूप से घायल थे, उन्हें सैफई पीजीआई में रेफर किया गया है। वहीं दुर्घटनास्थल पर कमिश्नर व आईजी भी पहुंच गए हैं। प्रशानिक अधिकारी और कर्मचारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद है। पुलिस और स्वास्थ्यकर्मी राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं।
डीएम अभिषेक सिंह बताया कि घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायलों को सैफई मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है, जहां 15 घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि औरैया में कोतवाली क्षेत्र के चिहुली में शनिवार को नेशनल हाईवे पर एक ढाबे के बाहर खड़े कंटेनर में तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। इसके बाद कंटेनर व डीसीएम दोनों खड्ड में जा गिरी। इसमें सवार 24 मजदूरों की मौत हो गई। शनिवार की सुबह करीब चार बजे मजदूरों को लेकर गोरखपुर जा रहा कंटेनर एक ढाबे के बाहर रुका था। मजदूर दिल्ली व फरीदाबाद से कंटेनर में सवार हुए थे और गोरखपुर जा रहे थे। चालक चाय पीने चला गया और मजदूर सो रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार डीसीएम ने कंटेनर में टक्कर मार दी। कंटेनर खड्ड में जा गिरा और डीसीएम भी खड्ड में पलट गई। ढाबे के लोग भागे। चीख- पुकार मच गई।
क्रेन से कंटेनर व डीसीएम को हटाकर दबे हुए लोगों को निकाला गया। जिला अस्पताल में 24 लोगों को मृत घोषित किया गया। 15 गंभीर घायलों को सैफई रेफर कर दिया गया। जबकि 20 मामूली घ्यालों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि मजदूर दिल्ली से गोरखपुर जा रहे थे। मजदूर झारखंड देवरिया व पश्चिम बंगाल के है। कई मृतकों के नंबर मिलने पर उनके स्वजनों को सूचना दी गई है।
मंडलायुक्त सुधीर एम बोबड़े ने बताया कि घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 18 मृतकों के नाम और 16 के पते मिले हैं। छह लोग अभी अज्ञात हैं। 1-अर्जुन चौहान पुत्र गोविंद चौहान निवासी,थाना मुंडेरा कमाल गंज।जनपद कुशीनगर। 2-मुकेश पुत्र श्रीधर विश्वकर्मा थाना ओराई संत रविदास नगर 3-नंद किशोर निवासी भटपुरा मऊ रानी झांसी। 4-राकेश पता अज्ञात, 5-कीर्ति पता अज्ञात
1-केदारी यादव पुत्र मुन्ना यादव निवासी बारा चट्टी गया बिहार। 2-सतेंद्र पुत्र मोहन निवासी बजौरा जिला गया बिहार।
1-राहुल सहीस पुत्र विभूति ग्राम गोलाल पुर थाना पिंडरा जोरा जिला बोकारो, झारखंड। 2-कनि लाला पुत्र जीता महोत निवासी गोलाल पुर थाना पिंडरा जोरा जिला बोकारो। 3-राजा गोश्वामी निवासी गोपाल पुर थाना चंदन क्वारी जिला बोकारो। 4-गोवर्धन पुत्र गोरांगो निवासी खीरा बेड़ा थाना पिंडरा जोरा जिला बोकारो। 5-उत्तम गोश्वामी पुत्र सुधीर गोश्वामी गोपाल पुर थाना पिंडरा जोरा जिला बोकारो। 6-डॉक्टर महतो पुत्र गोपाल महतो ग्राम बाबू डीह थाना पिंडरा जोरा जिला बोकारो। 7-सोमनाथ गोश्वामि निवासी पिंडरा जोरा जिला बोकारो।
1-मिलन बधोकर निवासी दुम दुमि थाना जनपद पुरलिहा, पश्चिम बंगाल। 2-अजीत महतो पुत्र अनिल महतो निवासी उपरावती थाना पुरलिहा। 3-चंदन राजभर पुत्र भिक्ष्कारा राजभर दुंदुमि पुरलिहा। 4-गडेश पुत्र तरु राजो दुमदुमि पुरलिहा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौके पर पंहुंचे कमिश्नर सुधीर एम बोबड़े को फोन कर घटना की जानकारी ली और शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया में सड़क दुर्घटना में प्रवासी कामगारों/श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।


Leave a Reply