नई दिल्ली। केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कर्नाटक की धारवाड़ जिला पंचायत के सदस्य रहे भाजपा नेता योगीश गौड़ा की हत्या के मामले में आठ आरोपितों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। सीबीआई ने चार्जशीट में कहा है कि योगीश गौड़ा की हत्या ‘राजनीतिक कारणों’ से की गयी थी।
कर्नाटक के धारवाड़ के भाजपा नेता योगीश गौड़ा की 15 जून, 2016 को धारवाड़ के ही सप्तपुरा में एक जिम के सामने हत्या कर दी गयी थी। उस समय धारवाड़ की उप शहरी पुलिस स्टेशन ने यह मामला दर्ज कर केस की विवेचना क्षेत्राधिकारी को सौंप दी थी। क्षेत्राधिकारी ने मामले की जांच पूरी कर 09 सितम्बर, 2016 को अदालत में चार्जशीट प्रस्तुत कर दी थी। पुलिस के अनुसार गौड़ की हत्या में छह लोग शामिल थे और आरोप-पत्र भी उन्हीं के खिलाफ दिया गया।
लेकिन पुलिस की इस जांच से भाजपा संतुष्ट नहीं थी। उसने सीबीआई जांच की मांग की। अंतत: घटना के करीब तीन साल बाद कर्नाटक की भाजपा सरकार के अनुरोध पर 24 सितम्बर, 2019 को सीबीआई ने इस मामले की जांच शुरू की। अब इसी मामले में सीबीआई ने धारवाड़ की जेएमएफसी कोर्ट में आठ आरोपितों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। आठों आरोपितों के नाम हैं- संतोष सवदत्ती, दिनेश एम, सुनील केएस, हर्षित, अश्वथ एस, नजीर अहमद, शाहनवाज और नूतन के.। इनमें से एक को छोड़कर बाकी के सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।
सीबीआई के प्रवक्ता आर.के. गौड़ ने बताया कि आरोपित धारवाड़, रामनगर, मंड्या, कोडागु और बैंगलोर सिटी के निवासी हैं। ये लोग जून, 2016 में दो बार धारवाड़ आये थे। बाद में इन लोगों ने कुछ अन्य लोगों की मदद से योगीश गौड़ा की हत्या की साजिश रची। उसके बाद अपराध को अंजाम देकर सभी फरार हो गए। उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे राजनीतिक कारण थे और राजनीतिक रंजिश के चलते ही इस हत्या कांड को अंजाम दिया गया। इस समय एक आरोपित को छोड़कर बाकी के सभी आरोपित न्यायिक हिरासत में हैं।


Leave a Reply