पंजाब के पठानकोट से लश्कर के 2 आतंकी गिरफ्तार

चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को गिरफ्तार कर किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की उनकी कोशिश को नाकाम कर दिया है। साथ ही वादी में हथियारों की तस्करी की कोशिश का भी पर्दाफाश हुआ है। दोनों के पास से 10 हैंड ग्रेनेड, एक ए.के. 47 राइफल, 2 मैगज़ीन और 60 जिन्दा कारतूस बरामद हुए हैं।
लश्कर के इन संदिग्ध आतंकियों की पहचान आमिर हुसैन वानी (26) और वसीम हसन वानी (27) के रूप में हुई है। दोनों थाना जैनापोरा जिला शोपियां के निवासी हैं। इन दोनों को पठानकोट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना सदर क्षेत्र में अमृतसर-जम्मू हाईवे पर एक नाके से एक ट्रक पकड़ा है। उसी में हथियार रखे हुए थे। पुलिस का कहना है कि दोनों आतंकी आधुनिक हथियारों और हैंड ग्रेनेडों की पंजाब से कशमीर में तस्करी करते थे।
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि ट्रक की तलाशी में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं। शुरुआती पूछताछ में आरोपितों ने बताया है कि उनको अशफ़ाक अहमद दर उर्फ बशीर अहमद खान जो जम्मू-कश्मीर में सिपाही रह चुका है, ने पंजाब से हथियारों की खेप लाने का निर्देश दिया था। अशफाक कश्मीर में लश्कर का सक्रिय आतंकी है और वर्ष 2017 में पुलिस महकमे से फरार हो गया था।
डीजीपी गुप्ता के अनुसार, गुरुवार की सुबह गिरफ्तार आतंकियों ने अमृतसर की सब्जी मंडी के नजदीक मकबूलपुरा-वाला रोड पर पहले से तय की गई जगह पर दो अनजान व्यक्तियों से हथियारों की खेप प्राप्त की थी। बाद में इस खेप को ट्रक में छिपा दिया था, जिसे वे दिखावे के तौर पर अमृतसर की सब्जी मंडी से फल व सब्जियाँ लादने के उद्देश्य से लेकर गए थे।
आरोपित आमिर हुसैन वानी ने बताया है कि उसने पकड़े गए ट्रक से पहले भी पंजाब के कई चक्कर लगाए हैं। इस दौरान अशफाक अहमद दर और डाॅ. रमीज राजा उसे दिशा-निर्देश देते थे। रमीजा राजा इस समय आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में जम्मू-कशमीर की एक जेल में बंद हैं। उसके इशारे पर 20 लाख रुपये की आमिर वानी ने हवाला मनी प्राप्त की थी।
आमिर ने यह भी बताया है कि अमृतसर की पिछली यात्राओं के दौरान उसने हथियारबंद हिजबुल मुजाहीदीन और लशकर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को पंजाब से कश्मीर ले गया था। उन दोनों की अब मौत हो चुकी है।
आमिर ने उन दोनों आतंकियों की पहचान हिजबुल मुजाहीद्दीन के सद्दाम अहमद पड्डर पुत्र फारूक अहमद पड्डर निवासी हैप, जिला पुलवामा और लश्कर-ए-तैयबा के जासिम अहमद शाह पुत्र गुलाम अहमद शाह निवासी मलनार जिला पुलवामा के तौर पर बताई है। इनमें से जासिम शाह को पहले गुरदासपुर बाईपास, बटाला के नजदीक एक कश्मीरी होटल से ए.के-47 और ग्रेनेड सहित काबू किया गया था।
डीजीपी गुप्ता ने बताया कि आज गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी आमिर हुसैन वानी और वसीम हसन वानी के खिलाफ थाना सदर पठानकोट पुलिस ने मामले दर्ज किए हैं। जम्मू कश्मीर पुलिस के सहयोग से इन दोनों लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। पंजाब में इनकी गतिविधियों को भी जांचा जा रहा है।
गुप्ता के अनुसार आमिर और वसीम की गिरफ्तारी के साथ हुए खुलासों से पता चलता है कि पाक आईएसआई आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सरहद पार से पंजाब और यहां से कश्मीर में हथियारों की खेप की तस्करी और आतंकियों की घुसपैठ कर रहा है। इससे पहले, 25 अप्रैल, 2020 को पंजाब पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के एक अन्य नौजवान हिलाल अहमद वानी को गिरफ्तार किया गया था, जो पिछले दिनों मारे गए हिजबुल मुजाहीद्दीन के कमांडर रियाज़ अहमद नायकू के निर्देशों पर अमृतसर से ड्रग मनी लेने के लिए आया था। हिलाल अहमद ने ड्रग मनी ले जाने के लिए एक ट्रक का प्रयोग किया था।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*