नई दिल्ली। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल का औचक निरीक्षण कर कोविड-19 से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान शाह ने दिल्ली के मुख्य सचिव को राजधानी के हर कोरोना अस्पताल के कोरोना वार्ड में निगरानी (सीसीटीवी) कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि वहां की अच्छी तरह से मोनिटरिंग की जा सके और मरीजों की समस्याओं का भी निदान हो सके। इससे पहले दिल्ली सरकार के प्रतिनिधियों और अन्य विपक्षी दलों के साथ सर्वदलीय बैठक की। उसके बाद सोमवार की शाम अमित शाह ने दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
सोमवार को औचक निरीक्षण के दौरान शाह ने अस्पताल में तैनात कर्मचारियों से सीधी वार्ता की। इस दौरान टेस्टिंग लैब और वार्डों का भी निरीक्षण किया। शाह ने अस्पताल की आपातकालीन सुविधाओं को लेकर अस्पताल प्रशासन को खास हिदायतें भी दीं। इस दौरान दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी और एम्म के डायरेक्टर भी मौजूद थे। शाह ने दिल्ली के मुख्य सचिव को राजधानी के हर कोरोना अस्पताल के कोरोना वार्ड में निगरानी (सीसीटीवी) कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि वहां की अच्छी तरह से मोनिटरिंग की जा सके और मरीजों की समस्याओं का भी निदान हो सके।
गृह मंत्री ने दिल्ली के मुख्य सचिव को इन अस्पतालों में मरीजों को खाना उपलब्ध कराने वाली कैंटीन की एक वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने का भी निर्देश दिया, जिससे कि एक कैंटीन में संक्रमण हो जाए तो दूसरी कैंटीन से मरीजों को निर्बाध रूप से भोजन प्राप्त होता रहे। शाह ने कोरोना संक्रमित मरीजों के साथ-साथ दिन रात मानवता की सेवा में जुटे डॉक्टर और नर्सों की साइको-सोशल काउंसलिंग का भी आदेश दिया। इससे न सिर्फ वे शारीरिक से बल्कि मानसिक रूप से भी पूरी मजबूती के साथ इस महामारी से लड़ सकेंगे।


Leave a Reply