महानायक अमिताभ की हालत स्थिर पर अस्पताल में गुजारने होंगे सात दिन

नई दिल्ली। अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है पर अस्पताल सूत्रों के अनुसार उन्हें कम से कम सात दिन गुजारने होंगे। कोविड 19 टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद अमिताभ और अभिषेक मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों की स्थिति स्थिर है और इलाज से फायदा हो रहा है।

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने 11 जुलाई को अपने कोविड 19 पॉजिटिव होने की सूचना ट्विटर के माध्यम से दी थी। अमिताभ के इस खुलासे से फिल्म इंडस्ट्री सहित देशभर में खलबली मच गयी। अमिताभ के लिए दुआओं का सिलसिला शुरू हो गया। अमिताभ के कुछ देर बात अभिषेक बच्चन के भी कोविड 19 पॉजिटिव होने की पुष्टि हो गयी। बाद में ऐश्वर्या राय बच्चन और आराध्या को भी कोविड 19 की पुष्टि हुई। ऐश्वर्या और आराध्या घर में ही क्वारंटाइन में हैं।
बच्चन परिवार की ओर से बीएमसी और संबधित अधिकारियों को इस बात की जानकारी दे गयी। बीएमसी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमिताभ के सभी बंगलों को सील करके कंटेनमेंट ज़ोन घोषित कर दिया। अमिताभ के आवास और उसके आसपास के क्षेत्रों को सैनिटाइज़ किया गया। अमिताभ के विस्तारित परिवार और 26 स्टाफ सदस्यों के कोविड 19 टेस्ट हुए। जया बच्चन समेत परिवार के बाकी सदस्य नेगेटिव निकले, वहीं सारे स्टाफ सदस्य भी कोविड 19 टेस्ट में नेगेटिव पाये गये।
सोमवार रात को बिग बी ने एक कविता के ज़रिए सबका आभार व्यक्त किया। बिग बी ने लिखा- प्रार्थनाओं, सद्भावनाओं की मूसलाधार बारिश ने स्नेह रूपी बंधन का बांध तोड़ दिया है। बह गया, तर कर दिया मुझे इस अपार प्यार ने। मेरे एकाकीपन के अंधेरे को जो तुमने, प्रज्वलित कर दिया है। यह भार मैं व्यक्त न कर पाऊंगा, बस शीश झुका कर नतमस्तक हूं मैं। अमिताभ बच्चन की इन पंक्तियों से लगता है कि फैस और चाहने वालों की शुभकामनाओं से वो अभिभूत हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*