राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में बदमाशों की अब खैर नहीं है। यहां की पुलिस ने सुपारी लेकर लोगों की हत्या करने वाले 132 बदमाशों की सूची तैयार की है। ये अपराधी महानगर के विभिन्न इलाकों में रहकर लगातार वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने इनसे निपटने के लिए अब ऑपरेशन शूटआउट चलाने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा विधायक अजीतपाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की हत्या किराये के शूटरों ने की थी। इन बदमाशों के नाम हैं- अनिल उर्फ पैंदा, विपिन शर्मा, अर्पण चैधरी और मनोज कुमार शर्मा। इस खुलास के बाद जहां इन सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं पुलिस प्रशासन अन्य सुपारी किलरों को लेकर एक्शन में आ गया है। पुलिस प्रशासन ने 132 सुपारी किरल की सूचनी बनाई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने शनिवार को ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि जिन अपराधियों की पुलिस ने अभी तक चिन्हित किया है, उसके मुताबिक थाना कोतवाली अंतर्गत 15, कविनगर अंतर्गत 28, इन्दिरापुरम अंतर्गत 10, लोनी अंतर्गत 24, लोनी बार्डर अंतर्गत एक, मसूरी अंतर्गत 14, मुरादनगर अंतर्गत 15, मोदीनगर अंतर्गत 11 और निवाड़ी थाना अंतर्गत 3 कॉन्टरेक्ट किलर शामिल हैं। ये सभी सुपारी किलर मोटी रकम लेकर हत्या जैसी संगीन वारदात को अंजाम देते हैं और इन सभी के खिलाफ हत्या के मामले दर्ज हैं।
एसएसपी नैथानी के अनुसार सुपारी किलर की जो फेहरिस्त तैयार की गयी है, उनमें से कुछ जमानत पर बाहर हैं और कुछ फरारी काट रहे हैं। ऑपरेशन शूटआउट के तहत इन बदमाशों की जमानत रद करवाने और इन पर रासूका व अन्य अधिनियमों के तहत निरूद्व करने की योजना तैयार की गई है। जो फरार हैं, उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस बल के एक दर्जन से भी ज्यादा दस्ते तैयार किये गये हैं। साथ ही इनकी जमानत न हो, इसके लिए भी अभियोजन अधिकारियो से विधिक राय ली जा रही है।


Leave a Reply