पौड़ी गढ़वाल। आम आदमी पार्टी हाई कमान ने उत्तराखंड के पौड़ी जिले के वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष नेगी को प्रदेश प्रवक्ता बनाया है। नेगी जल्द ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलकर उनका आभार जताएंगे और आगे की रणनीति पर विस्तार से बातचीत होगी।
हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय परिसर पौड़ी के प्राचार्य रहे स्वर्गीय प्रोफ़ेसर (डॉ.) ज्ञान सिंह नेगी के सुपुत्र आशुतोष नेगी विज्ञान और विधि स्नातक हैं। उन्होंने पर्यटन विषय में प्रथम श्रेणी मास्टर्स डिग्री और पर्यटन विषय में ही उच्चतम योग्यता यूजीसी एनईटी उत्तीर्ण की है। नेगी ने पहले वर्ष 1997 में दिल्ली में पर्यटन संस्थानों में नौकरी की। उसके बाद वर्ष 1997 से 2003 तक हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के पर्यटन विभाग में अध्यापन और वर्ष 2004 से 2009 तक हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में पर्यटन विषय में एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम का सफल संचालन किया। आशुतोष नेगी ने आकाशवाणी पौड़ी से वार्ताओं का प्रसारण और विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में सतत रूप से लेखों का प्रकाशन किया। वर्ष 2007 में अधिवक्ता और कानूनी सलाहकार रूप में कार्य शुरू किया। वर्ष 2009 में सहारा समय न्यूज़ चैनल के जिला संवाददाता रहे। उसके बाद वर्ष 2014 से गढ़वाल मण्डल मुख्यालय पौड़ी से साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज़ पोर्टल “जागो उत्तराखण्ड” का प्रकाशन कर रहे हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता जगत में लगातार पहाड़ की जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं।


Leave a Reply