जितेन्द्र बच्चन
- स्वर्गीय पत्रकार विक्रम जोशी की पत्नी को नहीं मिली सरकारी नौकरी, पत्रकारों ने की बैठक
- बुधवार को पत्रकार जोशी के परिजन जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन
गाजियाबाद। स्वर्गीय पत्रकार विक्रम जोशी के मामले में सरकार का वादा झूठा साबित हो रहा है। जोशी की पत्नी को अब तक सरकारी नौकरी नहीं मिली है। जिसके लिए परिजन कई माह से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। इससे आक्रोशित पत्रकारों ने आज मंगलवार को मीडिया सेंटर पर एक बैठक की और इस मामले में व्यापक रणनीति बनाई है। बैठक मेें तय किया गया है कि अगर सरकार अपने वादे से मुकरती है और जोशी की पत्नी को सरकारी नौकरी जब तक नहीं दी जाती है, तब तक व्यापक स्तर पर इसका विरोध किया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार अनुज चौधरी ने कहा कि विक्रम जोशी की हत्या पत्रकारिता पर सीधा हमला था। लेकिन पत्रकारों की एकता के आगे उस समय सरकारी तंत्र पीडि़त पक्ष के साथ खड़ा दिखाई दे रहा था। जिलाधिकारी ने घोषणा की थी कि पीडि़त परिवार के बच्चों की शिक्षा, आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी दी जाएगी। आर्थिक मदद कर दी गई और बच्चों की पढ़ाई की भी आंशिक व्यवस्था की गई है लेकिन अभी तक पत्रकार की पत्नी को सरकारी नौकरी नहीं दी गई है। जिला प्रशासन को अपना किया हुआ वादा निभाना होगा। इसके लिए पत्रकार एकजुटता के साथ जिला प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखेंगे। चौधरी ने कहा कि अगर बात नहीं बनी तो निश्चित रूप से पीडि़त पक्ष के लिए हरसंभव सहायता और प्रयास किए जाएंगे।
इस मौके पर पत्रकार ठाकुर पंकज सिंह ने कहा कि विक्रम जोशी के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए पत्रकारों को एक होना पड़ेगा और एक बार फिर से हम सभी को अपनी एकता दिखानी होगी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय विक्रम जोशी की पत्नी को नौकरी दिलाने के लिए जरूरत पड़ी तो सभी पत्रकार धरने पर भी बैठेंगे। जबकि बैठक में मौजूद पत्रकार दीपक भाटी ने कहा कि पत्रकार हितों के लिए हम सभी हमेशा एकजुट रहते हैं। इस मामले में भी कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जिला प्रशासन को सरकारी नौकरी का वादा हर हाल में पूरा करना होगा, क्योंकि पीडि़त पक्ष की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। ऐसे में हम सभी मिलकर समग्र प्रयास करेंगे ताकि पीडि़त पक्ष को सरकारी नौकरी दिलाई जा सके। इस संबंध में जल्द ही जिलाधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा और उन्हें याद दिलाएंगे की जिला प्रशासन ने अब तक सरकारी नौकरी वाला अपना वादा पूरा नहीं किया।
पत्रकार सैयद अली मेहंदी ने कहा कि स्वर्गीय विक्रम जोशी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी दी जा सकती है जब उनके परिवार को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से पूरी तरह मजबूत बनाया जाए। स्वर्गीय जोशी की पत्नी को सरकारी नौकरी हर हाल में मिलनी चाहिए। जिला प्रशासन अपने वादे से मुकर नहीं सकता। उन्होंने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए कहा कि हम दिखा देंगे कि हमारी एकजुटता के आगे वादाखिलाफी नहीं चलेगी। हम हर हाल में पीडि़त पक्ष को सरकारी नौकरी दिलाकर रहेंगे।
पत्रकार पंकज सिंह ने बताया है कि कल बुधवार को स्वर्गीय पत्रकार विक्रम जोशी के परिवार वाले जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को इस संबंध में एक ज्ञापन सौपेंगे। इस मौके पर तमाम पत्रकार साथी भी मौजूद रहेंगे। वहीं आज की बैठक में पत्रकार सुनील पवार, विकास कुमार, नदीम चौधरी, पंकज राय, डीके वशिष्ठ, चंदन सिंह, मनोज कुमार,अली खान, नरेंद्र मखनिया, जितेंद्र, शहबाज खान और कई अन्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


Leave a Reply