सुधांशु श्रीवास्तव
नई दिल्ली। कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव इसी वर्ष जून के महीने में होगा। यह निर्णय कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारण इकाई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की शुक्रवार को हुई बैठक में लिया गया। बताया गया कि पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद संगठनात्मक चुनाव कराए जाएंगे, जिसमें पार्टी अध्यक्ष का भी चयन होगा।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार, 22 जनवरी को कार्यसमिति की बैठक के बाद पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को बताया कि आज कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक सोनिया गांधी की अगुवाई में हुई। बैठक में पार्टी का संगठनात्मक चुनाव जून माह में कराने का निर्णय हुआ है। इसके अलावा किसान आंदोलन, वैक्सीनेशन, व्हाट्सऐप चैट विवाद पर जांच की मांग से जुड़े प्रस्ताव पास किए गए। साथ ही जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कृषि कानूनों के खिलाफ लगातार प्रदर्शन जारी रखने पर विचार किया गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से सोनिया गांधी पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष हैं।


Leave a Reply