मेवाड़ में मनाई गयी नेताजी सुभाषचंद्र बोस जयंती

Dr. Ashok Gadiya

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। वसुंधरा सेक्टर 4-सी स्थित मेवाड़ ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के आडिटोरियम में आयोजित नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती समारोह में विद्यार्थियों ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया। क्या भाषण, क्या गीत और क्या कविताएं, एक से बढ़कर एक थीं। पूरा आडिटोरियम वंदेमातरम व जय हिन्द के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि नेताजी सुभाष कभी मर नहीं सकते, वह अमर हैं, अमर रहेंगे। नवजवानों में एकता का जज्बा नेताजी के देशहित में किये गये कार्यों से ही भरा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि देश के नेता सिर्फ एक ही रहेंगे और वह हैं नेताजी सुभाष चंद्र बोस। डॉ गदिया ने दावा किया कि अगर नेताजी होते तो हमें पूरा अखंड भारत मिलता। बर्मा, भूटान और पाकिस्तान नहीं बनता। अगर नेताजी का रंगून रेडियो पर दिया गया भाषण सुन लिया जाए तो पता चलता है कि नेताजी अखंड भारत पाने के लिए कितना संघर्षरत थे। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे साल में एक देशभक्त जरूर तैयार करें। देशभक्ति व संवेदनशीलता के भाव उसमें भरें। फिर देखना देश का माहौल किस प्रकार बदलता है।
डॉ गदिया ने कहा कि तेज रोशनी आने से पहले घना अंधेरा होता है। ठीक ऐसे ही आज देश घने अंधेरे में है। फिर कोई सुभाष आएगा और देश पर छाया अंधेरा दूर करेगा। इससे पूर्व डॉ. गदिया आदि अतिथियों ने मां शारदे, भारत माता व नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित किए। आयुषी त्यागी, उत्कर्ष शर्मा, नारायणी मोदी, चिराग तोमर, प्रिया सिंह, सुमित आदि विद्यार्थियों ने देशभक्ति की कविताएं व गीत सुनाकर सबका मन मोहा। समारोह का सफल संचालन अमित पाराशर ने किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*