रोजगार मेला लगने से दिव्यांगों को मिली मदद

दिव्यांगों का साक्षात्कार लेते पदाधिकारी

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। दुहाई स्थित आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज में शुक्रवार को जिला प्रशासन द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आईआईए सदस्य इकाइयों ने बेरोजगारों की आवश्यकता के अनुरूप दिव्यांग अभ्यर्थियों को रोजगार हेतु स्टॉल लगाए और चयनित दिव्यांगों का साक्षात्कार लिया। इससे बेरोजगारों को मदद मिली है। दिव्यांग रोजगार मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ अजय शंकर पांडेय ने किया।
5 फरवरी को आयोजित दिव्यांग रोजगार मेले में अपर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अस्मिता लाल, संयुक्त आयुक्त उद्योग बीरेंद्र कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग संदीप कुमार और अमित कुमार के अलावा जनपद की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों ने भाग लिया। जिलाधिकारी डॉ अजय शंकर पांडेय तथा अन्य अधिकारियों द्वारा स्थापित स्टॉलों का भ्रमण किया गया। साथ ही अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
आईआईए गाजियाबाद चैप्टर के चेयरमैन मनोज कुमार ने बताया कि आज के रोजगार मेले में चैप्टर के करीब-करीब सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें मंडल अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता, सचिव राकेश अनेजा, संयुक्त सचिव संजय कुमार गर्ग, उपाध्यक्ष संदीप कुमार और कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल शामिल रहे। उन्होंने कहा है कि वे दिव्यांगों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने की कोशिश करेंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*