राहुल गौतम/राष्ट्रीय जनमोर्चा
– संतोष सुदर्शन हॉस्पिटल के साथ संयुक्त रूप से नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का किया आयोजन
गाजियाबाद। एंटी करप्शन फेडरेशन ऑफ इण्डिया द्वारा अम्बेडकर मार्ग स्थित नेहरू युवा केन्द्र में 28 फरवरी को संतोष सुदर्शन हॉस्पिटल के साथ संयुक्त रूप से नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एम.एल.सी. मेरठ सहारनपुर मंडल दिनेश गोयल रहे। उनके साथ रमते राम रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष व एंटी करप्शन फेडरेशन ऑफ इण्डिया (एसीएफआई) के संरक्षक भी उपस्थित थे। शिविर में कुल 400 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें जरूरत के हिसाब से दवा व चिकत्सकीय सलाह दी गई।
उल्लेखनीय है कि एसीएफआई पूरी तरह से राष्ट्र सेवा एवं मानवता को समर्पित है। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार देश में मुहिम चला रही है। इसी क्रम में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल शर्मा के दिशा-निर्देश और डॉ नरेश कुमार के नेतृत्व में रविवार को नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम दिनेश गोयल ने ब्लड प्रेशर चेक करवाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। तत्पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल शर्मा व राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र कुमार ने पुष्प गुच्छ देकर मुख्य अतिथि दिनेश गोयल का स्वागत-सत्कार किया।
कार्यक्रम के दौरान दिनेश गोयल और राकेश स्वामी ने डाक्टर्स की टीम का निरीक्षण किया और उन्हें प्रोत्साहित किया। मुकुल शर्मा ने संस्था के कार्यों एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। जितेन्द्र कुमार ने अब तक संस्था द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी। गोयल ने संस्था के उत्कृष्ट कार्यों के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही भविष्य में संस्था द्वारा चलाए जा रहे भ्रष्टाचार मुक्त भारत अभियान में हर संभव सहायता करने के लिए आश्वस्त किया। इसके अलावा गोयल ने कहा कि यदि कोई छात्र अपनी फीस देने में असमर्थ है और पढ़ना चाहता है तो वह उसके लिए नि:शुल्क शिक्षा व्यवस्था करेंगे।
एसीएफआई के संरक्षक राकेश स्वामी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल शर्मा ने भी अपने आशीर्वचनों से संस्था के सभी साथियों को प्रोत्साहित किया। इस बीच राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र कुमार ने नवनियुक्त साथियों को आईडी कार्ड व प्रमाण पत्र प्रदान किए। उनके साथ एंटी करप्शन फेडरेशन ऑफ इण्डिया के राष्ट्रीय मुख्य मीडिया प्रभारी जितेन्द्र बच्चन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिनेश गोयल को संस्था द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया गया।
मुकुल शर्मा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि रविवार को आयोजित चिकित्सा शिविर का आयोजन एंटी करप्शन फेडरेशन ऑफ इण्डिया की जिला गाजियाबाद टीम की ओर से रामानंद सिंह के नेतृत्व में कुशलता पूर्वक किया गया। इस मौके पर संस्था व संतोष सुदर्शन हॉस्पिटल द्वारा हड्डी रोग, स्त्री रोग, नाक कान व गला रोग, जनरल सर्जन व मेडिसिन के सम्मिलित रूप से 400 मरीजों का चेकअप कर उन्हें दवाई उपलब्ध कराई गई। साथ ही लैब टेस्ट पर 30 प्रतिशत की छूट दी गई। वहीं संतोष सुदर्शन हॉस्पिटल के सीनियर डॉक्टर नरेश कुमार ने संस्था को हर संभव सहयोग करने के लिए कहा है। अंत में एंटी करप्शन फेडरेशन ऑफ इण्डिया ने सभी डाक्टर्स, मेडिकल स्टाफ व संस्था के सहयोगी साथियों को व धन्यवाद व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया। इस दौरान मीडिया प्रभारी कृष्ण कांत शर्मा, उत्तर प्रदेश सचिव राजीव शर्मा, उत्तर प्रदेश संयोजक मोहिंदर डेंग, नवीन वर्मा, लव कुमार, कुश कुमार, अशोक पाल, राम अवध भगत, रोहित प्रधान, निशा राजपूत व अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


Leave a Reply