सनोवर खान/राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। लोनी स्थित राम विहार में नेहरू युवा केन्द्र गाज़ियाबाद के तत्वावधान में मंगलवार को शहीद दिवस के अवसर पर स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता दूतों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी देवेंद्र कुमार ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु हंसते-हंसते फांसी पर चढ़ गए। इस स्वतंत्रता को हमें बचाकर रखना है। उनके देश को खुशहाल बनाना अब हमारी जिम्मेदारी है।
समारोह में देशभक्ति पर आधारित गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर कार्यक्रम के अतिथि विजेंद्र ने कहा कि हमें अपने अमर शहीदों की शहादत को नहीं भूलना चाहिए। उनसे हमें सीख मिलती है। लाल बहादुर शास्त्री युवा मंडल के अध्यक्ष वसीम ने कहा कि देश का विकास करने के लिए युवा वर्ग को आगे आना होगा, तभी हम विश्व गुरु बन पाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन सोनू खान ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले तथा नेहरू युवा केन्द्र के माध्यम से स्वच्छता में योगदान देने वाले अनीता, माया, प्रमोशन, शारदा, तोहिद, वसीम, अंजलि, बबिता, मानसी, अरुणा, तालिब, शरीफ, अजय कुमार, दया एवं सनोवर खान को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ लेखाकार एवं कार्यक्रम सहायक मुकंद वल्लभ शर्मा ने सभी आए हुए गणमान्यों के प्रति आभार जताया।


Leave a Reply