पश्चिम बंगाल के कई जिलों में हिंसा, जेपी नड्डा कोलकाता पहुंचे

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव भले ही खत्म हो गए हैं, लेकिन राजनीतिक बवाल खत्म नहीं हुआ है। चुनाव नतीजों के बाद से जारी हिंसा के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज मंगलवार को कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे। कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरते ही नड्डा ने चुनाव में शानदार जीत के साथ वापसी करने वाली सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद हिंसा की जो घटनाएं हमने देखी, उसने हमें दुखी और हैरान किया है। मैंने ऐसी घटनाओं के बारे में भारत के बंटवारे के वक्त सुनी थी। आजाद भारत में चुनाव परिणाम के बाद उन्होंने पहले कभी भी ऐसी असहिष्णुता नहीं देखी थी।
नड्डा ने हिंसा पर चेतावनी देते हुए कहा कि हम लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, ‘वैचारिक लड़ाई के लिए हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। टीएमसी की गतिविधियां असहिष्णुता से भरी हुई हैं। उसके मुकाबले के लिए हम लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने को तैयार हैं।’ नड्डा एयरपोर्ट से सीधे दक्षिण 24 परगना जिले के गोपालपुर में भाजपा कार्यकर्ता के घर जाकर उनके स्वजनों से मुलाकात की, जिनकी हिंसा में जान गई है। इस दौरान नड्डा के साथ भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव एवं कैलाश विजयवर्गीय समेत प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष भी मौजूद थे। वे सोनारपुर थाना क्षेत्र के प्रतापनगर में हिंसा प्रभावित पार्टी कार्यकर्ता के घर भी गए और स्वजनों को ढांढस बंधाया। फिर उन्होंने कोलकाता के बेलेघाटा में एक भाजपा कार्यकर्ता के घर जाकर परिवार से मुलाकात की। नड्डा ने सभी पीड़ित परिवारों को न्याय का भरोसा दिया और कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। दो दिवसीय दौरे के दौरान नड्डा चुनाव परिणाम के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं के कथित हमले में मारे गए एवं हिंसा पीड़ित कई और पार्टी कार्यकर्ताओं के घर भी जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि बंगाल में दो मई को आए विधानसभा चुनाव के नतीजे में सत्ताधारी टीएमसी की शानदार विजय के बाद से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में हिंसा, आगजनी व लूटपाट का दौर जारी है। भाजपा का दावा है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं के हमले में अब तक उसके नौ कार्यकर्ताओं की जानें जा चुकी हैं। साथ ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता घायल भी हुए हैं। पार्टी ने सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों पर हमले व आगजनी का दावा किया है। बंगाल में हिंसा के खिलाफ भाजपा बुधवार को पूरे देशभर में धरना देगी। कोलकाता में भाजपा अध्यक्ष नड्डा खुद धरने पर बैठेंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*