गंगा दशहरा पर अंधविश्वास का नंगा नाच

काजी असद/राष्ट्रीय जनमोर्चा
प्रयागराज। धर्म की नगरी में अधर्म! गंगा दशहरा के मौके पर यहां भूत भगाने के नाम पर एक युवती के साथ अमानवीय हरकतें की गईं। आस्था और अंधविश्वास का नंगा नाच किया गया। युवती के न सिर्फ बाल खींचकर उसे उखाड़ने की कोशिश की गई, बल्कि उसे पानी में भी डुबोया गया। इसस पहले बीन बजाकर कुछ महिलाओं को नागिन और चुड़ैल से मुक्ति दिलाने का ढोंग रचा गया। इस अमानवीय खेल का वीडियो और फोटो वायरल हुआ तो लोग सन्न रह गए। अब पुलिस भी जागी है और उसने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
घटना राष्ट्रीय नदी गंगा के अवतरण दिवस गंगा दशहरा के मौके पर रविवार को संगम नगरी प्रयागराज की है। एक ओर जहां हज़ारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर मोक्षदायिनी और जीवनदायिनी मां गंगा से अपने और अपने परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं कुछ लोगों ने भूत भगाने के नाम पर कुछेक युवतियों के साथ अंधविश्वास का नंगा नाच किया। वह भी तब जब गंगा दशहरा के मौके पर प्रयागराज में आम श्रद्धालुओं के साथ ही केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, सांसद केशरी देवी पटेल, सांसद रीता बहुगुणा जोशी, साधू संतों की सबसे बड़ी संस्था अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि और बीजेपी के कई विधायक भी संगम क्षेत्र में पूजा-अर्चना और आरती या आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे थे।
लोगों ने बताया कि भूत भगाने और चुड़ैल से छुटकारा दिलाने के नाम पर मध्य प्रदेश से आई एक युवती के साथ अमानवीय हरकतें की गईं। उसके बाल पकड़कर उसे जबरन पानी में डुबोया जा रहा था। कभी बाल खींचकर उसे गालियां दी जा रहीं थीं, तो कभी बाल को उखाड़ने की कोशिश की जा रही थी। युवती बहुत ज़्यादा विरोध नहीं कर पा रही थी, लेकिन उसके चेहरे के भाव सब कुछ बता रहे थे। छतरपुर जिले की यह युवती पिछले कुछ दिनों से दिमागी तौर पर परेशान थी। उसी जिले के एक तांत्रिक ने गंगा दशहरा पर संगम में झाड़-फूंककर उस पर चढ़े भूत प्रेत के साये को भगाने का दावा किया। लेकिन वायरल वीडियो व फोटो के आधार पर पुलिस ने इस मामले में अपनी तरफ से एफआईआर दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*