यूपी में योगी आदित्यनाथ ही होंगे जीत का चेहरा

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले दिनों दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर लखनऊ लौटे तो उनके चेहरे की चमक बता रही थी कि अगले विधानसभा का चुनाव जीतने का मंत्र मिल गया है। अब ताजा खबर आ रही है कि लखनऊ में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के साथ हुई बीजेपी कोर कमेटी और योगी कैबिनेट की बैठक में जिस तरह योगी सरकार के कामकाज की तारीफ की गई, उससे यह भी स्पष्ट हो गया है कि यूपी मिशन 2022 का नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही करेंगे। भाजपा अगला विधानसभा चुनाव योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर ही लड़ेगी।
राजधानी लखनऊ में दो दिन चली बैठकों के दौर के बाद भाजपा के रणनीतिकारों ने विधानसभा चुनाव के लिए अभियान की रूपरेखा तैयार कर ली है। करीब चार घंटे तक चली इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल के अलावा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी, लक्ष्मीकांत बाजपेयी, विनय कटियार, केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय और प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही भी शामिल हुए। योगी कैबिनेट के मंत्रियों से विभागीय उपलब्धियों का ब्योरा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सुझाव लेते हुए राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह ने संतोष जताया। आखिरकार तय हुआ कि मोदी-योगी सरकार का रिपोर्ट कार्ड ही मिशन-2022 में भाजपा का तुरुप का इक्का होगा। इसे लेकर ही प्रभारी मंत्री और संगठन पदाधिकारी जनता के बीच जाएंगे। विपक्ष जो नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है, सरकार के रिपोर्ट कार्ड से उसे बेअसर कर जनता को फीलगुड कराना है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*