हाउस टैक्स वृद्धि के विरोध में सुभाष पार्टी का प्रदर्शन, सीएम को भेजा ज्ञापन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा गृह कर में की गई वृद्धि के विरोध में सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी (सुभाष पार्टी) ने आज जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही पार्टी के जिला अध्यक्ष बीर सिंह त्यागी के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन डीएम राकेश सिंह को सौंपते हुए इस निर्णय को तुरंत वापस लेने की मांग की गई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि नगर निगम गाजियाबाद गृहकर में की गई वृद्धि के आदेश तुरंत निरस्त करे। जनता पर लगने वाले टैक्स को माफ कर वैश्विक महामारी और माइनस में चली गई आर्थिक ग्रोथ में जनता को लाभ दिया जाए।
सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र, प्रदेश और नगर निगम गाजियाबाद में भाजपा की सरकार है। इसके बावजूद इस कोरोना संकटकाल में भी यह सरकार जनता का खून चूसने का काम कर रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पार्टी के संयोजक सतेन्द्र यादव ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा देशहित और जनहित के मुद्दे उठाती रही है। आगे भी वह अपना कार्य करती रहेगी। जबकि जिलाध्यक्ष बीर सिंह त्यागी ने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि जब तक नगर निगम द्वारा गृहकर में की गई वृद्धि वापस नहीं ले ली जाती, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। साथ ही जरूरत पड़ी तो इस संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष निर्मला वर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक मंदी के कारण रसोई चलाने में पहले ही तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऊपर से अब नगर निगम ने हाउस टैक्स में बढ़ोतरी कर दी है। यह जनविरोधी निर्णय है। महिलाओं का संकट इससे और बढ़ गया है। रसोई चलाने में उन्हें और अधिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम को जल्द से जल्द गृह कर वृद्धि का फैसला वापस लेना चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बताया कि आज 23 जून के विरोध प्रदर्शन में कोषाध्यक्ष किशन गर्ग, विनोद अकेला, महानगर अध्यक्ष श्यमवीर यादव, एडवोकेट राजीव कुमार, एडवोकेट सुरेश यादव, सुनील दत, सुजीत तिवारी, अनिल मिश्रा, साहिबाबाद प्रभारी सुजीत तिवारी, एनडी दीक्षित, पन्नालाल, संजय पासवान, अनिल सिन्हा, रमेश श्रीवास्तव, अमित वर्मा, राजेश वर्मा, सियाराम यादव, अनिल सिंह, पीके सिंह, सुनील दत्त, मनोज शर्मा ‘होदिय’, सूरज भान सिंह, अशोक ‘होदिया’, रामकिशन, संदीप कुमार, गोपाल सिंह, राजीव रैना, दीपक शर्मा, दीपक चित्तौड़िया, नसरू मलिक, गणेश दीक्षित, रिंकू प्रजापति, ओमप्रकाश, सुनील यादव, हर्षवर्धन आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*