राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नयी दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बच्चों का यौन शोषण करने और उनके वीडियो डार्क वेब व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भारतीयों तथा विदेशियों को बेचने के आरोप में गोवा के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को उसकी पुलिस हिरासत पूरी होने पर गोवा में पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में भी इसी तरह का एक मामला पहले आ चुका है। वह चित्रकूट निवासी उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग में इंजीनियर था और बाल सेक्स प्रेमी रहा। इसी तरह गोवा के इस आरापी के बारे में सीबीआई को पता चला कि यह भी अब तक 25 से ज्यादा बच्चों का यौन शोषण कर चुका है। सीबीआई प्रवक्ता आरसी जोशी के मुताबिक सुराग मिलते ही इसके खिलाफ 22 जून, 2020 को सीबीआई ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। करीब एक साल तक सीबीआई ने गोवा में रहने वाले उसके शिकार बच्चों की तलाश की। मामले की जांच संवेदनशील चरण में होने के चलते उनके नाम उजागर नहीं किए गए। वैसे इनमें से कुछ बच्चे अब व्यस्क हो चुके हैं।
आरोपी गोवा और महाराष्ट्र राज्य में और आसपास के क्षेत्रों में बच्चों के यौन शोषण में शामिल था और अपने मोबाइल फोन, डिजिटल कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों आदि का उपयोग करके इन कृत्यों को रिकॉर्ड भी करता था। तस्वीरें और बाल यौन शोषण सामग्री वाली वीडियो फिल्में इंटरनेट की सुविधा का उपयोग कर आरोपी उसे प्रकाशित-प्रसारित करता रहा। आरोपी ने अन्य व्यक्तियों के साथ ऐसी बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसएएम) की बिक्री, प्रसारण और साझा व्यापार के लिए डार्कवेब का उपयोग किया है।
प्रवक्ता आरसी जोशी ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि तलाशी के दौरान, बाल यौन सामग्री (सीएसएएम) तक पहुंच बनाने के लिए आरोपी के द्वारा कथित तौर पर प्रयोग किए गए लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड ड्राइव तथा पेन ड्राइव बरामद हुए हैं। आरोपी को गिरफ्तार किया गया और उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर भी लिया गया। रिमांड के दौरान अनेक महत्वपूर्ण बातें सामने आई हैं जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है। वहीं आरोपी को गोवा की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। नियम के मुताबिक इस मामले में फिलहाल आरोपी का नाम नहीं बताया जाएगा और जल्दी ही इस मामले में कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।


Leave a Reply