राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी ने एक बोर्ड गेम पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए तैयार किया है, जिसके माध्यम से अब सभी सरकारी स्कूलों में खेल के साथ पढ़ाई होगी। इस गेम के साथ लाल, हरे और पीले रंग के तीन प्लेइंग कार्ड रहेंगे। लाल कार्ड में यौन उत्पीड़न से बचाव के लिए बने कानून से जुड़े सवाल और जवाब होंगे। पीले कार्ड में सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल और जवाब होंगे, हरे कार्ड को चाल चलने के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
बोर्ड गेम लूडो की तरह होगा जिसमें बच्चे बारी-बारी से चाल चलेंगे। चाल के तहत बच्चों को प्लेइंग कार्ड मिलेगा। प्लेइंग कार्ड के सवाल का सही जवाब देने पर उनको दूसरी चाल चलने दी जाएगी, जवाब गलत हुआ तो दूसरे खिलाड़ी को चाल चलने का मौका दिया जाएगा। ऐसे में खेल-खेल के दौरान ही बच्चे सामान्य ज्ञान और यौन उत्पीड़न से बचाव की जानकारी हासिल कर सकेंगे। यह खेल शिक्षक की मौजूदगी में ही खेला जाएगा ताकि बच्चों के मन में कोई सवाल आए तो उसके बारे में विस्तार से उनको बताया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल ने बताया कि बच्चों को यौन हिंसा से बचाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इनमें ही अब खेल के जरिये बच्चों को अब यौन उत्पीड़न से बचाव के लिए बने कानून की जानकारी दी जाएगी। उनको बताया जाएगा कि अगर कोई व्यक्ति उनको गलत तरीके से छू रहा है तो इसकी जानकारी छिपाएं नहीं बल्कि साझा करें, जिससे कि गलत करने वालों पर कार्रवाई हो सके। उम्मीद है कि इस खेल से बच्चों के साथ हो रही यौन हिंसा के मामलों में कमी आएगी।


Leave a Reply