यूपी के बाराबंकी में भीषण दुर्घटना: 12 लोगों की मौत, 24 घायल

जितेन्द्र जायसवाल/राष्ट्रीय जनमोर्चा
बाराबंकी। देवा थाना अंतर्गत बबुरी के पास गुरुवार की सुबह-सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसा एक टूरिस्ट बस और ट्रक की टक्कर से हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि 9 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कई घायलों की हालत गंभीर हैं, जिन्हें ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। साथ ही जानकारी देने के लिए पुलिस ने कंट्रोल रूम नंबर 9454417464 जारी किया है।
बताया जा रहा है कि बस और ट्रक दोनों की रफ्तार तेज थी। किसान पथ रिंग रोड पर बबुरियां गांव में सुबह करीब साढ़े 5 बजे एक मवेशी के आने से बैलेंस बिगड़ गया और दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक और बस के परखच्चे उड़ गए। मौके पर कोहराम मच गया। टूरिस्ट बस दिल्ली से बहराइच जा रही थी और सामने से आ रहा ट्रक बालू से लदा हुआ था। जेसीबी की मदद से दोनों वाहनों को अलग किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। थोड़ी देर बाद जिलाधिकारी डॉ आदर्श सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद भी आ गए। राष्ट्रीय जनमोर्चा से फोन पर हुई बातचीत में एसपी ने 12 लोगों की मरने की पुष्टि की है। साथ ही बताया है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। गंभीर रूप से जो घायल हैं, उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। जबकि घायलों में यासमीन 28 बहराइच, शादाब पांच वर्ष बहराइच, सिराज अहमद 45 बहराइच, रफी अहमद 28 कैसरगंज, सदील कैसरगंज, रहमत कैसरगंज, चंदू 55 हुजूरपुर, लउमन चौहान गोंडा, इतर कैसरगंज, परवेश 56 लालपुरवा कैसरगंज, जगतराम टिकैतनगर, हामिद जरवल रोड 21 वर्ष, जरीन 8 वर्ष, सयैदा 5 वर्ष, आसिम बाराबंकी, विशाल पांडेय 21 वर्ष हुजूरपुर, अहमद हसन 35 कैसरगंज, तालुकदार 32 वर्ष कैसरगंज, अलखराम 28 गोंडा, भक्तकराम 58 गोंडा, पवन कुमार 28 करनैलगंज, शारदा 33 गोंडा, तरुण कनौजिया, मनीष कुमार 20 गोंडा, राजेश कुमार कनौजिया 35 वर्ष गोंडा, राहुल 19 जरवल रोड और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है, जिसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है।
सीएम ने मुआवजे का किया ऐलान:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने शोक-संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद और राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के लिए दो लाख और घायलों के लिए 50 हजार के मुआवजे की घोषणा की है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*