राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के देवा थाना अंतर्गत बबुरी के पास गुरुवार की सुबह-सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसा एक टूरिस्ट बस और ट्रक की टक्कर से हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि 9 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि छह लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कई घायलों की हालत गंभीर हैं, जिन्हें ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। साथ ही जानकारी देने के लिए पुलिस ने कंट्रोल रूम नंबर 9454417464 जारी किया है।
बताया जा रहा है कि बस और ट्रक दोनों की रफ्तार तेज थी। किसान पथ रिंग रोड पर बबुरियां गांव में सुबह करीब साढ़े 5 बजे एक मवेशी के आने से बैलेंस बिगड़ गया और दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक और बस के परखच्चे उड़ गए। मौके पर कोहराम मच गया। टूरिस्ट बस दिल्ली से बहराइच जा रही थी और सामने से आ रहा ट्रक बालू से लदा हुआ था। जेसीबी की मदद से दोनों वाहनों को अलग किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। थोड़ी देर बाद जिलाधिकारी डॉ आदर्श सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद भी आ गए। ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से फोन पर हुई बातचीत में एसपी ने 15 लोगों की मरने की पुष्टि की है। साथ ही बताया है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। गंभीर रूप से जो घायल हैं, उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
14 मृतकों की शिनाख्त हुई:
पुलिस के अनुसार 14 मृतकों की शिनाख्त हो गई है। इनमें सलाउद्दीन पुत्र रियाजुद्दीन निवासी उद्दीपट्टी थाना जरवलरोड जनपद बहराइच उम्र-37 वर्ष, अनीसुर्रहमान पुत्र अब्दुल रहमान निवासी उद्दीपट्टी थाना जरवलरोड जनपद बहराइच उम्र-45 वर्ष, रमन पुत्र वीरेन्द्र निवासी ग्राम जगतापुर थाना कटराबाजार जनपद गोण्डा उम्र-22 वर्ष, विनोद कुमार पुत्र रामस्वरूप निवासी कोचा कासिमपुर थाना कर्नलगंज जनपद गोण्डा उम्र-32 वर्ष, दृगपाल पुत्र रामसेवक निवासी नाजिरगंज थाना जरवलरोड जनपद बहराइच उम्र-19 वर्ष, अब्दुल रहमान पुत्र निजामुद्दीन निवासी आलापुर थाना कोतवाली नगर जनपद बाराबंकी उम्र-42 वर्ष, कदीर पुत्र मो0 इदरीश निवासी ग्राम उपधी थाना जरवल रोड जनपद बहराइच उम्र-49 वर्ष, द्वारिका प्रसाद पुत्र तिलक राम निवासी हसनामुलई थाना केसरगंज जनपद बहराइच, नूर अली पुत्र बदलू ग्राम रूद्दलपुरवा थाना कटरा बाजार जनपद गोण्डा, सायबा बेगम पत्नी मेराज अहमद निवासिनी पहाड़ापुर थाना फखरपुर जनपद बहराइच उम्र-25 वर्ष, जारा पुत्री मेराज अहमद निवासिनी पहाड़ापुर थाना फखरपुर जनपद बहराइच उम्र-02 वर्ष, अजय कुमार पुत्र भारत निवासी जयसिंहपुर थाना केसरगंज जनपद बहराइच उम्र-12 वर्ष, याशमीन पुत्री इन्वन निवासी नन्दीपुर थाना केसरगंज जनपद बहाराइच उम्र 28 वर्ष और राजू पुत्र रामनरेश निवासी जयसिंहपुर थाना केसरगंज जनपद बहराइच उम्र-15 वर्ष शामिल हैं। एक अन्य मृतक की अभी पहचान होनी बाकी है।
घायलों में यासमीन 28 बहराइच, शादाब पांच वर्ष बहराइच, सिराज अहमद 45 बहराइच, रफी अहमद 28 कैसरगंज, सदील कैसरगंज, रहमत कैसरगंज, चंदू 55 हुजूरपुर, लउमन चौहान गोंडा, इतर कैसरगंज, परवेश 56 लालपुरवा कैसरगंज, जगतराम टिकैतनगर, हामिद जरवल रोड 21 वर्ष, जरीन 8 वर्ष, सयैदा 5 वर्ष, आसिम बाराबंकी, विशाल पांडेय 21 वर्ष हुजूरपुर, अहमद हसन 35 कैसरगंज, तालुकदार 32 वर्ष कैसरगंज, अलखराम 28 गोंडा, भक्तकराम 58 गोंडा, पवन कुमार 28 करनैलगंज, शारदा 33 गोंडा, तरुण कनौजिया, मनीष कुमार 20 गोंडा, राजेश कुमार कनौजिया 35 वर्ष गोंडा, राहुल 19 जरवल रोड और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है, जिसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुआवजे का किया ऐलान:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने शोक-संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद और राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के लिए दो लाख और घायलों के लिए 50 हजार के मुआवजे की घोषणा की है।


Leave a Reply