राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। समाज सेवा में अग्रणी, प्रतिभा विकास समर्पित सामाजिक संस्था ‘नवरत्न फाउंडेशन्स’ के संस्थापक अशोक श्रीवास्तव पुनः सर्व सम्मति से अध्यक्ष चुन लिए गए। आरके सक्सेना वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विवेक श्रीवास्तव महासचिव और अनुरंजन श्रीवास्तव कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रतिभा विकास की प्रतिबद्धता के साथ बीते दशक से सक्रिय सामाजिक संस्था नवरत्न फाउंडेशन्स राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लगातार प्रेरणादायी कार्यों की एक लंबी फेहरिस्त से समाज के सामने मिसाल पेश करती रही है। प्रतिभा विकास की नई इबारत लिखने वाली संस्था नवरत्न महिला सशक्तिकरण के अभियानों से महिला शिक्षा, रोजगार हेतु प्रयासरत रही है। अस्तित्व अभियान से जहां महिलाओं को प्रशिक्षित कर स्वावलंबी बनने का मार्ग प्रशस्त किया, वहीं महिलाओं को साक्षर, शिक्षित बनाने के अनुकरणीय कार्य किए। बच्चों की शिक्षा के लिए नवरत्न ज्ञान पीठ की स्थापना कर आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा हेतु प्रेरित भी किया और शिक्षित भी किया। चाहे शीत कवच अभियान में आर्थिक कमजोर बच्चों को सर्दी सुरक्षा कवच के रूप में वस्त्र, ड्रेस, मोजे आदि हों या निर्धन कन्याओं का विवाह, हर मोर्चे पर नवरत्न सेवियों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया।
इतना ही नहीं सामाजिक विकास को गति मिले इस बाबत स्थापना दिवस पर वार्षिकोत्सव में देश के उत्कृष्ट समाजसेवियों को सम्मानित और पुरस्कृत कर उत्साहित करने का कार्य भी संस्था करती रही है। गीत-संगीत आदि क्षेत्रों की अनदेखी प्रतिभाओं को यथोचित मंच दिलाकर प्रोत्साहित कर रही है। नवरत्न प्रतिभाएं बॉलीवुड तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर धूम मचा रही हैं।
नवरत्न की नई कार्यकारिणी में तीन उपाध्यक्ष श्रीमती वर्षा श्रीवास्तव, हेमंत शर्मा, मुरारी प्रसाद हैं, जबकि आर्थिक सलाहकार ए.वी. मुरली, संयुक्त सचिव शालिनी अग्रवाल, शुभ्रांशु शेखर और विनीत खरे हैं जिनके पास मीडिया का भी अतरिक्त प्रभार है। नवनियुक्त विवेक ने इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद कहा कि वह सामाजिक विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं। अब उनका दायित्व और बढ़ गया है। वह दोगुने उत्साह के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़कर नवरत्न विचारों को सार्थक बनाने का प्रयास करेंगे और अपने आदर्श नवरत्न अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन पर चलते हुए उनके निर्देशों का पालन करेंगे।


Leave a Reply