राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान के प्रति समर्पित संस्था ‘समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया’ ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उन महिलाओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया है, जो शिक्षा, समाज और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही हैं। इस संबंध में राष्ट्रीय टीम की नोएडा में एक बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से 5 मार्च को सम्मान समारोह आयोजित करने का फैसला किया गया है।
संस्था की राष्ट्रीय महासचिव श्वेता त्यागी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को है। लेकिन ‘समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया’ इसके उपलक्ष्य में शनिवार पांच मार्च को नोएडा में एक सम्मान समारोह आयोजित करेगा। उन्होंने कहा कि जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। यह सत्य है, क्योंकि महिलाएं ही आदर्श समाज का निर्माण करती हैं और उसी समाज के निर्माण में शिक्षा, समाज, स्वास्थ्य और शासन-प्रशासन के क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
संस्थापक एवं अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन ने कहा कि जब हम घर से बाहर निकलकर सफल हुई महिलाओं के लिए खुश होते हैं, तो हमें उन महिलाओं की उपेक्षा नहीं करनी चाहिए जो अपनी मर्जी से घर रहना पसंद करती हैं। भारत के विकास में उन महिलाओं का भी अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि जब भी हम स्त्री शक्ति की बात करते हैं, तो सिर्फ संसद में सेवा दे रही महिलाओं की बात होती है। लेकिन, हमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाओं को भी याद रखना चाहिए। और समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया इस परपंरा का पूरी ईमानदारी से निर्वाह कर रही है। इस अवसर पर चेयरमैन अरुण कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शर्मिष्ठा साह, राष्ट्रीय सचिव लाल सिंह, मीडिया प्रभारी रोशन झा, कार्यकारिणी की सदस्य श्रीमती पिंकी प्रधान, कपिल त्यागी, दिवाकर त्यागी आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply