राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। मिशन शक्ति अभियान को गांव -गांव तक पहुंचाने के लिए महिला उन्नति संस्था ने संगठन का विस्तार करते हुए नोएडा के हरौला गांव निवासी पूजा अवाना को नोएडा देहात का अध्यक्ष और इंदु यादव को उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
संस्था के राष्ट्रीय महासचिव अनिल भाटी ने इस अवसर पर कहा कि जनपद गौतमबुद्ध नगर में संस्था द्वारा महिला शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रयासों को गति देने के लिए हरौला की पूजा अवाना को अध्यक्ष नोएडा देहात एवं इंदु यादव को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवनियुक्त पूजा अवाना ने संगठन से जुड़ने पर संस्था का आभार जताते हुए कहा कि वह महिलाओं को समर्पित संगठन से जुड़कर बेहद प्रसन्नता महसूस कर रही हैं। क्योंकि उनका सपना रहा है कि वह महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करें। वह संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का आश्वासन देती हैं।
उपाध्यक्ष इंदु यादव ने कहा कि नोएडा देहात में एक मजबूत टीम तैयार कर महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम किया जाएगा। इस मौके पर संस्थापक डा राहुल वर्मा, कोऑर्डिनेटर मनोज झा, गीता भाटी, विजय तवर, नोएडा मीडिया प्रभारी वंदना झा आदि सदस्य मौजूद रहे।


Leave a Reply